
रांची, 1 अगस्त (Udaipur Kiran) । पब्लिक स्कूल्स एंड चिल्ड्रेन वेलफेयर एसोसिएशन (पासवा) के आह्वान पर मंगलवार को राज्य भर के निजी विद्यालयों में हरियाली दिवस मनाया गया। एक बच्चा एक पौधा अभियान के तहत छात्रों ने घर और विद्यालय परिसर में पौधे लगाए।
मौके पर पासवा के अध्यक्ष आलोक कुमार दूबे ने बताया कि अभियान का लक्ष्य 50 लाख पौधे लगाना है। उन्होंने लोगों से हर वर्ष एक पौधा लगाने की अपील की। कार्यक्रम को सफल बनाने में पासवा के राज्यभर के पदाधिकारियों की अहम भूमिका रही।
उन्होंने बताया कि पौधरोपण में अभिभावकों ने भी भागीदारी निभाई, जिससे यह अभियान पारिवारिक और सामाजिक आंदोलन बन गया।
डीएवी ग्रुप, वाईबीएन पब्लिक स्कूल, सैक्रेड हार्ट, होली क्रॉस सहित कई स्कूलों ने इस अभियान को सफल बनाया। बच्चों ने पौधों को नाम देकर सोशल मीडिया पर ग्रीन मिशन और पासवा टैग के साथ साझा किया।
हरियाली दिवस कार्यक्रम को सफल बनाने में प्रदेश पासवा की फलक फातिमा, विशाल सिंह, मेंहुल दूबे,चतरा से नीरज सहाय, हजारीबाग से मींकू प्रसाद एवं मेघाली सेन गुप्ता, गढ़वा से एसके पाठक सहित अन्य का योगदान रहा। मौके पर कई लोग मौजूद थे।
—————
(Udaipur Kiran) / Manoj Kumar
