HEADLINES

(अपडेट) 71वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कारों की घोषणा, रानी मुखर्जी को सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री, शाहरुख खान और विक्रांत मैसी ने जीता सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का अवार्ड

राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कारों के जूरी सदस्यों ने केन्द्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव को सौंपी सूची

नई दिल्ली, 1 अगस्त (Udaipur Kiran) । 71वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कारों की घोषणा शुक्रवार को यहां की गई। 12वीं फेल ने सर्वश्रेष्ठ फीचर फिल्म का पुरस्कार जीता, जबकि बेस्ट हिन्दी फिल्म श्रेणी में कटहल फिल्म ने बाजी मारी। फिल्म मिसेस चैटर्जी वर्से नॉर्वे के लिए रानी मुखर्जी ने सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री का पुरस्कार जीता। फिल्म जवान के लिए शाहरुख खान और 12वीं फेल के लिए विक्रांत मैसी को सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का पुरस्कार मिला। वहीं, नॉनफीचर फिल्म कैटीगरी में गिद्ध द स्कवेंजर’ को बेस्ट शॉर्ट फिल्म का अवॉर्ड मिला। यह फिल्म हिंदी में बनाई गई है। इसे मनीष सैनी ने निर्देशित किया है। नॉन फीचर फिल्म में ‘द फर्स्ट फिल्म’ को सर्वश्रेष्ठ निर्देशन का अवॉर्ड मिला है। हिंदी में बनाई गई फिल्म का निर्देशन पीयूष ठाकुर ने किया है। फीचर फिल्म निर्णायक मंडल के अध्यक्ष आशुतोष गोवारिकर ने यहां राष्ट्रीय मीडिया सेंटर में राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कारों की घोषणा की।

इस घोषणा से पहले फीचर फिल्म निर्णायक मंडल के अध्यक्ष आशुतोष गोवारिकर, गैर-फीचर फिल्म निर्णायक मंडल के अध्यक्ष पी. शेषाद्रि, संयुक्त सचिव (फिल्म) डॉ. अजय नागभूषण एमएन ने वर्ष 2023 के 71वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कारों के विजेताओं की सूची केन्द्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव को सौंपी।

इस वर्ष, पुरस्कारों के लिए कुल 332 फीचर फिल्म प्रविष्टियां, 115 गैर-फीचर फिल्म प्रविष्टियां, 27 पुस्तक प्रविष्टियां और 16 समीक्षक प्रविष्टियां प्राप्त हुईं थी।

राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कारों में रणबीर कपूर की फिल्म ‘एनिमल’ को बेस्ट साउंड डिजाइन के लिए राष्ट्रीय पुरस्कार मिला है। इसे सचिन सुधाकरण और हरिहरन मुरलीधरन ने डिजाइन किया था। जवान’ के लिए शिल्पा राव को सर्वश्रेष्ठ फीमेल प्लेबैक सिंगर का पुरस्कार मिला है। रॉकी और रानी की प्रेम कहानी’ को बेस्ट कोरियोग्राफी का पुरस्कार मिला है।

फीचर फिल्म श्रेणी में अवार्ड पाने वाली फिल्मों के नाम इस प्रकार हैं- सर्वश्रेष्ठ फीचर फिल्म “12th फेल” (हिन्दी), सर्वश्रेष्ठ नवोदित निर्देशक “आत्मपम्फलेट” (मराठी), सर्वश्रेष्ठ लोकप्रिय फिल्म (सामूहिक मनोरंजन) “रॉकी और रानी की प्रेम कहानी” (हिन्दी), सामाजिक एवं पर्यावरणीय मूल्यों को बढ़ावा देने वाली सर्वश्रेष्ठ फिल्म “सैम बहादुर” (हिन्दी), सर्वश्रेष्ठ बाल फिल्म “नाल 2” (मराठी), सर्वश्रेष्ठ एनीमेशन एवं वीएफएक्स फिल्म “हनुमान” (तेलुगु) को मिला।

फीचर फिल्म श्रेणी में सर्वश्रेष्ठ सर्वश्रेष्ठ नवोदित निर्देशक का पुरस्कार “आत्मपम्फलेट” (मराठी) के आशीष बेन्डे को मिला। सर्वश्रेष्ठ छायांकन का पुरस्कार प्रसांतनु मोहापात्रा को “द केरल स्टोरी” (हिन्दी) के लिए मिला। सर्वश्रेष्ठ पटकथा का पुरस्कार साई राजेश नीलम को “बेबी” (तेलुगु), रामकुमार बालकृष्णन को “पार्किंग” (तमिल), दीपक किंगरानी को “सिर्फ एक बंदा काफी है” (हिन्दी) संवाद लेखन, और कसरला श्याम को “सिर्फ एक बंदा काफी है” गीत लेखन के लिए मिला। सर्वश्रेष्ठ नृत्य निर्देशन का पुरस्कार वैभवी मर्चेंट को गीत “ढिंढोरा बाजे रे” (रॉकी और रानी की प्रेम कहानी) के लिए मिला। सर्वश्रेष्ठ स्टंट निर्देशन का पुरस्कार नंदू प्रदीप को “हनुमान” (तेलुगु) के लिए मिला।

गैर-फीचर फिल्म श्रेणी में सर्वश्रेष्ठ गैर-फीचर फिल्म का पुरस्कार “फ्लावरिंग मैन” (हिन्दी) को मिला, सर्वश्रेष्ठ नवोदित निर्देशक (गैर-फीचर) का पुरस्कार “मऊ: द स्पिरिट ड्रीम्स ऑफ चेऱाव” (मिज़ो) की शिल्पिका बोरदोलोई को मिला। सर्वश्रेष्ठ कला एवं संस्कृति फिल्म का पुरस्कार “टाइमलेस तमिलनाडु” (अंग्रेज़ी) को मिला, सर्वश्रेष्ठ वृत्तचित्र फिल्म का पुरस्कार “गॉड वल्चर एंड ह्यूमन” (अंग्रेज़ी, हिन्दी, तेलुगु) को मिला, सामाजिक/पर्यावरणीय मूल्यों को बढ़ावा देने वाली सर्वश्रेष्ठ गैर-फीचर फिल्म “द साइलेंट एपिडेमिक” (हिन्दी) रही, 30 मिनट तक की सर्वश्रेष्ठ लघु फिल्म “गिद्ध – द स्कैवेंजर” (हिन्दी) रही, निर्देशन: मनीष सैनी। सर्वश्रेष्ठ निर्देशन (गैर-फीचर) का पुरस्कार “द फर्स्ट फिल्म” (हिन्दी) के पियूष ठाकुर को मिला। सर्वश्रेष्ठ छायांकन (गैर-फीचर) का पुरस्कार “लिटिल विंग्स” (तमिल) के सरवनमरुथु सौन्दरपांडी और मीनाक्षी सोमन को मिला। सर्वश्रेष्ठ ध्वनि डिजाइन का पुरस्कार “धुंधगिरी के फूल” (हिन्दी) के शुभारुण सेनगुप्ता को मिला। सर्वश्रेष्ठ संपादन का पुरस्कार “मूविंग फोकस” (अंग्रेज़ी) के नीलाद्रि रॉय को मिला। सर्वश्रेष्ठ संगीत निर्देशन का पुरस्कार “द फर्स्ट फिल्म” (हिन्दी) के प्रणिल देसाई को मिला।

सर्वश्रेष्ठ वाचन एवं आवाज़ का पुरस्कार “द सेक्रेड जैक- एक्सप्लोरिंग द ट्री ऑफ विशेज़” (अंग्रेज़ी) के हरीकृष्णन एस को मिला। सर्वश्रेष्ठ पटकथा लेखन का पुरस्कार “सनफ्लावर्स वेर द फर्स्ट वन्स टू नो…” (कन्नड़) के चिदानंद नाइक को मिला। विशेष उल्लेख (गैर-फीचर) के अंतर्गत “नेकल क्रॉनिकल ऑफ द पैडी मैन” (मलयालम) के एम.के. रामदास और “द सी एंड सेवन विलेजेस” (ओड़िया) के हिमांशु शेखर खतुआ को सम्मानित किया गया। सिनेमा पर लेखन सर्वश्रेष्ठ फिल्म समीक्षक का पुरस्कार उत्तपल दत्ता को असमिया भाषा में लेखन के लिए मिला।

—————

(Udaipur Kiran) / विजयालक्ष्मी

Most Popular

To Top