Sports

हॉकी इंडिया सब-जूनियर पुरुष राष्ट्रीय चैम्पियनशिप में छत्तीसगढ़, मणिपुर, यूपी, ओडिशा, पंजाब और हरियाणा की शानदार जीत

हरियाणा और तमिलनाडु के बीच मैच का दृश्य

चेन्नई, 01 अगस्त (Udaipur Kiran) । चेन्नई स्थित मेयर राधाकृष्णन हॉकी स्टेडियम में चल रही 15वीं हॉकी इंडिया सब-जूनियर पुरुष राष्ट्रीय चैम्पियनशिप 2025 के पांचवें दिन छत्तीसगढ़ हॉकी, मणिपुर हॉकी, उत्तर प्रदेश हॉकी, हॉकी एसोसिएशन ऑफ ओडिशा, हॉकी पंजाब और हॉकी हरियाणा ने अपने-अपने मुकाबले जीतकर शानदार प्रदर्शन किया।

डिवीजन ‘बी’ के मुकाबले:

पहले मैच में छत्तीसगढ़ हॉकी ने हॉकी बंगाल को 6-2 से हराया। छत्तीसगढ़ के लिए आदर्श राज सिंह ने (3’, 8’, 20’, 60’) चार गोल कर टीम को मजबूत बढ़त दिलाई। अमन वर्मा (48′) और अभिषेक यादव (58′) ने भी एक-एक गोल किया। वहीं बंगाल की ओर से अभिषेक शॉ (6′) और हितेन रजक (35′) ने एक-एक गोल किया, लेकिन टीम हार से नहीं बच सकी।

दूसरे मैच में मणिपुर हॉकी ने हॉकी हिमाचल को एकतरफा मुकाबले में 6-0 से शिकस्त दी। गेटिक निंगोम्बम सिंह (4’, 55’) और सैखोम निशि सिंह (56’, 58’) ने दो-दो गोल किए, जबकि मनिमातुम मैबम (37′) और संजीत सिंह कोंथौजम (41′) ने भी एक-एक गोल कर जीत सुनिश्चित की।

डिवीजन ‘ए’ के मुकाबले:

तीसरे मुकाबले में उत्तर प्रदेश हॉकी ने दिल्ली को 10-1 से करारी शिकस्त दी। यूपी की ओर से शाहरुख अली (5’, 29’, 38’, 43’) ने चार गोल, रोमित पाल (20’, 25’) ने दो गोल किए। धनुक करण (23’), सुनील पाल (26’), मोहम्मद दानिश (42’) और मोहम्मद आकिब रेनी (60’) ने एक-एक गोल दागा। दिल्ली के लिए कप्तान उदय रंधावा (51’) ने एकमात्र सांत्वना गोल किया।

चौथे मैच में हॉकी एसोसिएशन ऑफ ओडिशा ने हॉकी महाराष्ट्र को 5-1 से हराया। ओडिशा के लिए आर्मन सोरेन (12’, 43’, 49’) ने हैट्रिक लगाई, जबकि दीपक प्रकाश टोप्पो (17’) और संजीत राज लकड़ा (51’) ने भी एक-एक गोल किया। महाराष्ट्र की तरफ से रेहान शफी खान (34’) ने एक गोल किया।

पांचवें मुकाबले में हॉकी पंजाब ने हॉकी कर्नाटक को एकतरफा अंदाज में 10-0 से पराजित किया। पंजाब की ओर से मंदीप सिंह (5’, 41’) ने दो गोल, जबकि गुरसिमरनप्रीत सिंह (14’), वरिंदर सिंह (17’), अर्शप्रीत सिंह (23’), युवराज सिंह (30’), आकाश दीप (36’), जशनप्रीत सिंह (47’), अनुराग सिंह (55’) और विजय कुमार पाल (60’) ने एक-एक गोल किया।

दिन के अंतिम मुकाबले में हॉकी हरियाणा ने हॉकी यूनिट ऑफ तमिलनाडु को 3-0 से हराया। हरियाणा के कप्तान अंकुर रोर (28’, 53’, 55’) ने हैट्रिक लगाकर टीम को जीत दिलाई। पांचवें दिन के मुकाबलों में खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन देखने को मिला और कई टीमों ने टूर्नामेंट में अपनी स्थिति को मजबूत किया।

—————

(Udaipur Kiran) दुबे

Most Popular

To Top