HEADLINES

(अपडेट) ‘दिल्ली को कूड़े से आजादी’ अभियान शुरू, मुख्यमंत्री का जनभागीदारी पर जोर

कश्मीरी गेट स्थित महिला एवं बाल विकास विभाग के कार्यालय परिसर से शुक्रवार को ‘दिल्ली को कूड़े से आजादी’ अभियान की शुरुआत करती मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता

नई दिल्ली, 1 अगस्त (Udaipur Kiran) । मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शुक्रवार को ‘दिल्ली को कूड़े से आजादी’ अभियान प्रारंभ किया। यह अभियान 31 अगस्त तक चलेगा। इसमें जन भागीदारी सहित विभिन्न सरकारी निकाय मिलकर एक उदाहरण प्रस्तुत करेंगे। उन्होंने कहा कि यह अभियान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के स्वच्छ भारत मिशन को दिल्ली में नई गति देने वाला जनांदोलन है।

मुख्यमंत्री ने ‘दिल्ली को कूड़े से आजादी’ अभियान की शुरुआत कश्मीरी गेट स्थित महिला एवं बाल विकास विभाग के कार्यालय परिसर से की। मुख्यमंत्री ने स्वयं झाड़ू लगाकर संदेश दिया कि ऐसे अभियानों में सभी का जुड़ना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि स्वच्छता सिर्फ एक आदत नहीं, बल्कि नागरिक कर्तव्य है। उन्होंने कहा कि प्रभावी सफाई व स्वच्छता के लिए ई-वेस्ट और कबाड़ के निस्तारण की प्रक्रिया को सरल और तेज बनाने की आवश्यकता है। अब समय आ गया है कि हम केवल सफाई तक सीमित न रहें, बल्कि कार्यस्थलों में भी इसे प्रभावी रूप से अपनाएं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली सरकार का हर विभाग इस विशेष स्वच्छता अभियान में पूरी शक्ति और प्रतिबद्धता के साथ जुटा हुआ है। राजधानी का हर विधायक, हर पार्षद और हर सरकारी कर्मचारी इस परिवर्तन का जिम्मेदार भागीदार है। इस अभियान की सबसे बड़ी ताकत दिल्ली की जनता है। हर दिल्लीवासी इस बदलाव का सक्रिय हिस्सा है। यह अभियान सरकारी प्रयास नहीं, बल्कि पूरे शहर की सामूहिक भागीदारी का प्रतीक है।

पहले दो दिन स्कूलों, अस्पतालों और सरकारी कार्यालयों में जमा कचरे और सफाई से संबंधित लंबित कार्यों को निपटाने पर केंद्रित रहेंगे। प्रत्येक शनिवार और रविवार को यह अभियान अनधिकृत कॉलोनियों और झुग्गी बस्तियों पर केंद्रित होगा। 14, 21 और 28 अगस्त को यमुना घाटों पर विशेष सफाई अभियान चलाया जाएगा। 29 और 31 अगस्त को रिंग रोड की सफाई की जाएगी। इस अभियान के लिए एमसीडी को 5 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं। सामुदायिक भागीदारी को बढ़ावा देने के लिए उच्च प्रदर्शन करने वाली रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन को पुरस्कार दिए जाएंगे। इसमें सर्वश्रेष्ठ के लिए 25 लाख रुपये, दूसरे स्थान के लिए 15 लाख रुपये और तीसरे स्थान के लिए 10 लाख रुपये है।

दिल्ली के महापौर सरदार राजा इकबाल सिंह, विधायक सतीश उपाध्याय और दिल्ली नगर निगम आयुक्त अश्वनी कुमार ने दक्षिणी जोन में एक गहन स्वच्छता अभियान के साथ महीने भर चलने वाले ‘दिल्ली को कूड़े से आजादी’ स्वच्छता अभियान का शुभारंभ किया। महापौर ने उपस्थित विधायकों एवं निगम आयुक्त के साथ सभी क्षेत्रों की पदयात्रा की और झाड़ू उठाकर सफाई अभियान में भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान, आरडब्ल्यूए, बाजार संघ, गैर सरकारी संगठनों, मंदिरों, धार्मिक संगठनों और कार्यालयों के सैकड़ों लोगों ने महापौर के साथ ग्रीन पार्क से आईआईटी, महरौली, छतरपुर और भट्टी माइंस तक 10 किलोमीटर एवं चार घंटे चले स्वच्छता अभियान में भाग लिया।

महापौर ने कहा कि दिल्ली सरकार, नगर निकायों और सामुदायिक भागीदारी के सामूहिक प्रयासों से हम ‘स्वच्छ और हरित दिल्ली’ के उद्देश्य को प्राप्त करेंगे। महापौर ने सभी नागरिकों, पार्षदों और विधायकों से सामूहिक रूप से दिल्ली को स्वच्छ और हरित बनाने और दिल्ली सरकार व दिल्ली नगर निगम की इस स्वच्छता पहल को सफल बनाने की अपील की। इस महाअभियान के तहत आज दक्षिणी क्षेत्र के 8 वार्डों में 15 से ज्यादा प्रमुख कचरा-प्रधान स्थलों की सफाई की गई। नई दिल्ली नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष केशव चंद्रा ने शहीद भगत सिंह प्लेस से दिल्ली को कूड़े से आजादी स्वच्छता अभियान का शुभारंभ किया।

—————

(Udaipur Kiran) / धीरेन्द्र यादव

Most Popular

To Top