
– पहले दिन जम्मू-कश्मीर, बिहार, उत्तराखंड, गुजरात और छत्तीसगढ़ ने दर्ज की जीत
चेन्नई, 28 जुलाई (Udaipur Kiran) । चेन्नई में शुरू हुई 15वीं हॉकी इंडिया सब-जूनियर मेंस नेशनल चैंपियनशिप 2025 का पहला दिन रोमांचक मुकाबलों से भरा रहा। प्रतियोगिता के पहले दिन डिवीजन ‘सी’ और डिवीजन ‘बी’ में कुल पांच मुकाबले खेले गए, जिनमें जम्मू-कश्मीर, हॉकी एसोसिएशन ऑफ बिहार, हॉकी उत्तराखंड, हॉकी गुजरात और छत्तीसगढ़ हॉकी ने अपने-अपने मुकाबले जीतकर शानदार शुरुआत की।
डिवीजन ‘सी’ के मुकाबले:
पहले मैच में जम्मू-कश्मीर ने राजस्थान को 4-0 से पराजित किया। टीम की ओर से गुरकीरत सिंह (5’) ने शुरुआती गोल किया, जिसके बाद वरुणप्रीत सिंह (37’), जसजोत सिंह (49’) और दक्ष शर्मा (57’) ने भी एक-एक गोल दागे।
दूसरे मुकाबले में हॉकी एसोसिएशन ऑफ बिहार ने हॉकी मिजोरम को कड़ी टक्कर में 2-1 से हराया। बिहार के लिए अजय कुशवाहा (15’) और अमृतांशु पांडेय (56’) ने गोल किए, जबकि मिजोरम की ओर से लालडमपुइया पचुआउ (26’) ने एकमात्र गोल किया।
तीसरे मुकाबले में हॉकी उत्तराखंड ने त्रिपुरा को 4-0 से शिकस्त दी। मैच की शुरुआत में ही कृष्णा (3’, 7’) ने दो गोल किए, जबकि अंकित (4’) और कप्तान सार्थक महार (6’) ने एक-एक गोल कर टीम की बढ़त को निर्णायक बना दिया।
डिवीजन ‘बी’ के मुकाबले:
हॉकी गुजरात ने प्रभावशाली प्रदर्शन करते हुए हॉकी अरुणाचल को 5-1 से हराया। गुजरात के लिए दिव्येशभाई रुध्यानभाई वाघ (49’, 53’) ने दो गोल किए, जबकि विजय परमार (40’), कप्तान पीयूष पटेल (50’) और संदीप परमार (58’) ने एक-एक गोल दागे। अरुणाचल की ओर से शशांक कुमार (56’) ने सांत्वना गोल किया।
छत्तीसगढ़ हॉकी ने गोवा हॉकी को 4-0 से हराया। टीम के लिए आदर्श राज सिंह (26’, 59’) ने दो गोल किए, जबकि गुलशन कुमार यादव (12’) और मनीष वट्टी (34’) ने भी स्कोरबोर्ड पर नाम दर्ज कराया।
—————
(Udaipur Kiran) / आकाश कुमार राय
