
चित्तौड़गढ़, 27 जुलाई (Udaipur Kiran) । पर्यावरण संरक्षण एवं हरित आवरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से रविवार को हरियाली तीज के अवसर पर 76वां वन महोत्सव चित्तौड़गढ़ जिले में मनाया गया। पूरे जिले में रविवार को करीब छह लाख पौधे लगाए हा रहे हैं। जिला स्तरीय मुख्य समारोह पंचायत समिति चित्तौड़गढ़ के आवलहेड़ा वन क्षेत्र में हुआ। इसमें जिला प्रमुख गब्बर सिंह, जिले के प्रभारी सचिव एवं उद्योग विभाग के प्रमुख शासन सचिव आलोक गुप्ता, जिला कलक्टर आलोक रंजन, पुलिस अधीक्षक मनीष त्रिपाठी आदि ने पौधारोपण किया।
यहां जिला स्तरीय समारोह की शुरुआत वन देवी के समक्ष दीप प्रज्वलन के साथ की गई। इस अवसर पर जिले भर में छह लाख से अधिक पौधे लगाएं जा रहे हैं तथा सभी पौधों का जिओ टैगिंग कर उन्हें रिकॉर्ड में सम्मिलित किया जा रहा हैं। प्रभारी सचिव आलोक गुप्ता ने कहा कि जलवायु परिवर्तन के दुष्प्रभावों से बचाव के लिए पौधारोपण अत्यंत आवश्यक है उन्होंने कहा कि राजस्थान में इस वर्ष ढाई करोड़ से अधिक पौधे लगाए जा रहे हैं। उन्होंने सभी से आग्रह किया कि केवल पौधे लगाना ही नहीं, बल्कि उनकी कम से कम 5 वर्षों तक देखभाल कर उन्हें वृक्ष बनने तक संरक्षित रखें। उन्होंने कहा कि चित्तौड़गढ़ पहले से हरित क्षेत्र है, लेकिन हरियाली बढ़ाना समय की आवश्यकता है। जिला प्रमुख गब्बर सिंह कहानी ने “एक पेड़ मां के नाम”अभियान की सराहना करते हुए कहा कि यह न केवल पर्यावरणीय चेतना का प्रतीक है बल्कि संवेदनशील समाज का निर्माण भी करता है। उन्होंने राजसमंद के पिपलांत्री मॉडल का उदाहरण देते हुए बताया कि कैसे एक सकारात्मक सोच ने पूरे क्षेत्र को हरा-भरा बना दिया। जिला कलक्टर आलोक रंजन ने कहा कि पौधे जीवनदायिनी हैं, जो हमें ऑक्सीजन, छाया और पर्यावरणीय संतुलन प्रदान करते हैं। उन्होंने जानकारी दी कि चित्तौड़गढ़ जिले को 17 लाख पौधे कहने का वार्षिक लक्ष्य दिया गया है। इसमें से आज छह लाख पौधे लगाए जा रहे हैं। उपवन संरक्षक राहुल झाझडिया ने अभियान की रूपरेखा बताते हुवे कहा कि मुख्य समारोह स्थल पर 500 से अधिक पौधों का रोपण हुआ है। साथ ही जिले भर में किए जा रहे पौधारोपण को जिओ टैगिंग तकनीक से ट्रैक किया जा रहा है। इससे भविष्य में उनकी स्थिति की निगरानी की जा सके। पुलिस अधीक्षक मनीष त्रिपाठी ने भी पौधारोपण किया और कहा कि पेड़ जीवन का आधार हैं। केवल लगाना नहीं, संरक्षण ही असली सेवा है।
वृक्ष मित्रों का सम्मान
समारोह में जिले के 47 वृक्ष मित्रों को सम्मानित किया गया। इसमें 5 वृक्ष मित्रों को विशेष योगदान के लिए नकद पुरस्कार प्रदान किए गए। समारोह के समापन पर प्रभारी सचिव आलोक गुप्ता ने बरगद और अशोक का पौधा तो जिला कलक्टर आलोक रंजन ने अशोक का पौधा लगा कर पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
—————
(Udaipur Kiran) / अखिल
