Delhi

दिल्ली विधानसभा अध्यक्ष ने की राज्यसभा के उपसभापति से मुलाकात

राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश नारायण सिंह से मुलाकात करते विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता

नई दिल्ली, 27 जुलाई (Udaipur Kiran) । दिल्ली विधानसभा के अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता ने आज राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश नारायण सिंह से शिष्टाचार मुलाकात की। इस अवसर पर गुप्ता ने उपसभापति को दिल्ली विधानसभा में चल रहे विभिन्न परिवर्तनकारी कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने विधानसभा को एक आदर्श लोकतांत्रिक संस्थान के रूप में विकसित करने के लिए अपनाई जा रही कार्ययोजनाओं के बारे में बताया।

विजेंद्र गुप्ता ने बताया कि दिल्ली विधानसभा में नेशनल ई-विधान एप्लीकेशन (नेवा) के क्रियान्वयन की प्रक्रिया तेजी से प्रगति कर रही है और आगामी मानसून सत्र से पहले इसके पूर्ण होने की संभावना है। यह परियोजना सदन की कार्यवाही और विधायी दस्तावेजों तक सरल डिजिटल पहुंच सुनिश्चित करेगी, जिससे विधानसभा का सम्पूर्ण कार्य डिजिटल स्वरूप में संचालित हो सकेगा।

उन्होंने आगे बताया कि पर्यावरणीय सततता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता के तहत विधान सभा परिसर में 500 किलोवाट क्षमता वाला सौर ऊर्जा संयंत्र स्थापित किया गया है, जिसका संचालन जल्द ही शुरू किया जाएगा। इसके माध्यम से दिल्ली विधानसभा पूरी तरह से सौर ऊर्जा पर आधारित बन जाएगी, और यह देश की पहली हरित विधानसभा के रूप में एक प्रेरक उदाहरण प्रस्तुत करेगी।

इसके अतिरिक्त अध्यक्ष ने बताया कि विधानसभा पुस्तकालय का डिजिटलीकरण कार्य भी प्रगति पर है, जिसका उद्देश्य विधायकों एवं कर्मचारियों को अनुसंधान और ऐतिहासिक अभिलेखों तक सुलभ और आधुनिक पहुंच प्रदान करना है। दिल्ली विधान सभा परिसर को राष्ट्रीय महत्व की विरासत स्थल के रूप में विकसित करने की दिशा में भी ठोस योजनाएं बनाई जा रही हैं, जिससे इस ऐतिहासिक भवन की वास्तुकला और लोकतांत्रिक विरासत को संरक्षित किया जा सके।

गुप्ता ने कहा कि ये सभी पहलें दिल्ली विधानसभा को एक डिजिटल रूप से सशक्त, पर्यावरण अनुकूल और सांस्कृतिक रूप से समृद्ध संस्थान के रूप में स्थापित करने की व्यापक दृष्टि का हिस्सा हैं। इन प्रयासों के माध्यम से देश की अन्य विधान सभाओं के साथ सहयोग और लोकतांत्रिक प्रगति को भी बढ़ावा मिलेगा।

राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश नारायण सिंह ने विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता की इन दूरदर्शी पहलों की सराहना की और विश्वास जताया कि ये प्रयास न केवल राज्य स्तर पर लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं को सशक्त करेंगे, बल्कि देश की अन्य विधान सभाओं के लिए भी प्रेरणादायक सिद्ध होंगे।

—————

(Udaipur Kiran) / धीरेन्द्र यादव

Most Popular

To Top