HimachalPradesh

राजीव बिंदल ने नाहन में सुनी मन की बात, बताया कार्यक्रम का महत्व

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ राजीव बिंदल ने नाहन  में सुनी मन की बात

नाहन, 27 जुलाई (Udaipur Kiran) । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा प्रस्तुत मासिक रेडियो कार्यक्रम मन की बात का 124वां संस्करण रविवार काे देशभर में प्रसारित हुआ। इस अवसर पर सिरमाैर जिला के मुख्यालय नाहन में भी विशेष आयोजन किया गया, जिसमें भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर कार्यक्रम को सामूहिक रूप से सुना।

कार्यक्रम के बाद मीडिया से बातचीत में डॉ. बिंदल ने कहा कि मन की बात केवल एक रेडियो प्रसारण नहीं, बल्कि देशवासियों को जोड़ने वाला एक प्रभावशाली संवाद माध्यम बन गया है। यह कार्यक्रम लोगों को न केवल देश की सांस्कृतिक विरासत, इतिहास, और महान उपलब्धियों से परिचित कराता है, बल्कि उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरणा भी देता है।

इस बार के प्रसारण में प्रधानमंत्री मोदी ने पांडुलिपियों के संरक्षण और देश के सांस्कृतिक साहित्य को सहेजने की नई योजनाओं की जानकारी साझा की। इसके साथ ही देशभर में विभिन्न क्षेत्रों में हो रही सकारात्मक प्रगति पर भी चर्चा की गई।

डॉ. बिंदल ने कहा कि आज भारत हर क्षेत्र में आगे बढ़ रहा है, जो हर देशवासी के लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि हमारे देश की ताकत हमारे लोग हैं — 140 करोड़ लोगों के 280 करोड़ हाथ जब साथ मिलते हैं, तो भारत किसी भी लक्ष्य को प्राप्त कर सकता है। यही संदेश प्रधानमंत्री मोदी ‘मन की बात’ के माध्यम से पूरे देश को दे रहे हैं।

इस आयोजन में भाजपा के कई कार्यकर्ता, स्थानीय लोग और युवा भी शामिल हुए, जिन्होंने उत्साहपूर्वक कार्यक्रम को सुना और प्रधानमंत्री की बातों से प्रेरणा ली। आयोजकों ने इसे जनजागृति और राष्ट्रप्रेरणा का सशक्त माध्यम बताया।

—————

(Udaipur Kiran) / जितेंद्र ठाकुर

Most Popular

To Top