West Bengal

ममता बनर्जी ने अब्दुल कलाम को दी श्रद्धांजलि, कहा- आज भी प्रेरणा हैं उनके विचार

ममता

कोलकाता, 27 जुलाई (Udaipur Kiran) । भारत के पूर्व राष्ट्रपति और ‘भारत रत्न’ डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम की पुण्यतिथि पर पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। रविवार सुबह एक सोशल मीडिया पोस्ट में उन्होंने डॉ. कलाम को महान वैज्ञानिक और आदर्श व्यक्ति बताया।

मुख्यमंत्री ने लिखा, भारत के पूर्व राष्ट्रपति और ‘भारत रत्न’ डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम को उनकी पुण्यतिथि पर विनम्र श्रद्धांजलि। वे एक महान वैज्ञानिक और एक आदर्श इंसान थे। उनका जीवन आज भी हम सभी को प्रेरणा देता है।

डॉ. कलाम को भारत के ‘मिसाइल मैन’ के रूप में जाना जाता है। उन्होंने इसरो और डीआरडीओ में अपने कार्यकाल के दौरान भारत के रक्षा कार्यक्रम को नई ऊंचाई दी। वर्ष 2002 से 2007 तक उन्होंने देश के राष्ट्रपति के रूप में सेवा दी और आम लोगों, खासकर युवाओं के बीच एक आदर्श के रूप में स्थापित हुए।

पुण्यतिथि के अवसर पर देशभर में उनके योगदान को याद करते हुए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। स्कूलों और शैक्षणिक संस्थानों में विशेष व्याख्यान और संगोष्ठियों के माध्यम से उनके वैज्ञानिक दृष्टिकोण और सादगीपूर्ण जीवन पर चर्चा हो रही है।

डॉ. कलाम का निधन 27 जुलाई 2015 को शिलांग में एक व्याख्यान के दौरान हुआ था। वे जीवन के अंतिम क्षण तक छात्रों को प्रेरित करने में जुटे रहे। उनके विचार और जीवन दर्शन आज भी देश की नई पीढ़ी को आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं।

(Udaipur Kiran) / ओम पराशर

Most Popular

To Top