
रांची, 26 जुलाई (Udaipur Kiran) । सिटीजन फोरम के अध्यक्ष दीपेश निराला ने राजधानी रांची की बदहाल स्थिति पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए राज्य सरकार और नगर निगम की कार्यशैली पर सवाल खड़ा किया है। उन्होंने शनिवार को प्रेस विज्ञप्ति जारी करते हुए कहा कि रांची केवल एक शहर नहीं, बल्कि पूरे झारखंड का चेहरा है। यहां से राज्य की नीतियां तय होती हैं, यहीं से सारा फंड कलेक्ट और डिस्ट्रीब्यूट होता है और यहीं राज्य के कैबिनेट मंत्री, वरिष्ठ अफसर, विधायिका, न्यायपालिका और कार्यपालिका के तमाम शीर्ष अधिकारी निवास करते हैं। बावजूद इसके राजधानी में जो हो रहा है, वह पूरे राज्य की तस्वीर को धुंधला कर रहा है। हर ओर जलजमाव, कूड़ा-कचरा, गंदगी का अंबार, डेंगू-मलेरिया-टाइफाइड-डायरिया जैसी बीमारियों का डर, अतिक्रमण, चौपट कानून व्यवस्था और रेंगता हुआ ट्रैफिक। यह सब रांची की आज की पहचान बन गई है।
निराला ने सवाल उठाया कि जब राजधानी की यह स्थिति है, तो अन्य जिलों का हाल सहज अनुमान लगाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि जनता का काम है टैक्स देना और जनता उसे दे भी दे रही है। लेकिन बदले में नगर निगम लोगों को सिर्फ अव्यवस्था और उपेक्षा दे रहा है।
उन्होंने कहा कि रांची सिटीजन फोरम ने नगर निगम और राज्य सरकार से राजधानी को उसके नाम और दर्जे के अनुरूप विकसित करने की मांग की है। साथ ही, नागरिक सुविधाओं के स्थायी समाधान के लिए जनता की सीधी भागीदारी सुनिश्चित करने की भी अपील की है।
—————
(Udaipur Kiran) / Manoj Kumar
