लखनऊ,26 जुलाई (Udaipur Kiran) । बहराइच स्थित महाराजा सुहेलदेव मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य सहित कई डाक्टर जांच के घेरे में आ गए हैं। भारतीय जनता पार्टी के विधायक सुभाष त्रिपाठी द्वारा मेडिकल कॉलेज की शिकायत पर प्रमुख सचिव चिकित्सा स्वास्थ्य पार्थ सारथी सेन शर्मा ने जांच के लिए हाई लेवल कमेटी बनाई है।
चिकित्सा शिक्षा डीजी किंजल सिंह की अध्यक्षता में बनी जांच टीम में विशेष सचिव कृतिका शर्मा, लोहिया संस्थान की प्रोफेसर नीतू सिंह जांच करेंगी। यह कमेटी उक्त प्रकरण की जांच कर 15 दिन में अपनी रिपोर्ट शासन को उपलब्ध करायेगी। इसके बाद दोषी डाक्टरों के खिलाफ कार्यवाही की जाएगी।
विधायक सुभाष त्रिपाठी ने मेडिकल कॉलेज के डॉ अन्नू श्रीवास्तव और प्राचार्य डॉ. संजय खत्री से बात कर प्रसूता महिला को इलाज के लिए भेजा था। इसके बावजूद महिला को भर्ती नहीं किया गया और उसे उपचार भी नहीं मिला। मेडिकल कॉलेज की कार्यशैली से प्रसूता निजी अस्पताल में इलाज कराने को मजबूर हुई। सुभाष त्रिपाठी विधायक के बात करने के बावजूद कोई उपचार नहीं हुए और न विधायक के फोन का कोई असर हुआ। इसके बाद शासन में शिकायत करने के बाद हड़कम्प मच गया और जांच के लिए कमेटी बना दी गयी है।
(Udaipur Kiran) / बृजनंदन
