अमेठी, 26 जुलाई (Udaipur Kiran) । उत्तर प्रदेश के अमेठी जिले में गौरीगंज तहसील क्षेत्र के हरगांव में एक बालिका को किसी जहरीले जंतु ने काट लिया। उसकी इलाज के दौरान मौत हो गई है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार जामों थाना क्षेत्र अंतर्गत मुराइन का पुरवा मजरे हरगांव निवासी शिवकुमार मौर्य की पुत्री सलोनी (12) शुक्रवार की रात घर में काम कर रही थी। तभी उसे किसी जहरीले जंतु ने काट लिया। परिजन तत्काल उसे लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जगदीशपुर पहुंचे। जहां पर डॉक्टरों ने इलाज शुरू किया लेकिन इलाज के दौरान ही देर रात सलोनी की माैत हो गई। सलोनी के पिता शिवकुमार ने बताया कि उनके तीन बच्चे हैं। बड़ी बेटी 14 वर्ष की है। जबकि दूसरे नंबर पर सलोनी ही थी। सबसे छोटा बेटा संकेत 5 वर्ष का है। जामो थाने के प्रभारी निरीक्षक इंस्पेक्टर विनोद कुमार सिंह ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस शिव कुमार मौर्य के घर पहुंच गई और मृतक बालिका की लास को कब्जे में लेकर आवश्यक वैधानिक कार्यवाही की जा रही है।
—————
(Udaipur Kiran) / लोकेश त्रिपाठी
