
मुरादाबाद, 25 जुलाई (Udaipur Kiran) । सिविल लाइन थाना पुलिस ने घुमंतू पंखियां जाति गिरोह के तीन आरोपितों को शुक्रवार को मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया। दो आरोपित पुलिस को चकमा देकर फरार हो गए। गोली लगने से एक आरोपित घायल हाे गया, जिसे इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। आरोपितों के पास से एक अवैध तमंचा, दो जिंदा कारतूस, दो चाकू, चोरी से संबंधित 60,300 हजार रुपये, जेवर बरामद कर लिया है।
पुलिस अधीक्षक नगर कुमार रणविजय सिंह और सीओ सिविल लाइन कुलदीप गुप्ता ने पुलिस लाइन सभागार में प्रेस कॉन्फ्रेंस की। उन्होंने बताया कि सिविल लाइन पुलिस टीम ने शुक्रवार सुबह अगवानपुर रेलवे ओवर ब्रिज के पास अवैध शस्त्रों के साथ किसी सुनार की दुकान में लूट की योजना बना रहे आरोपितों को पकड़ने का प्रयास किया। पुलिस टीम पर आरोपित फायरिंग करते हुए वहां से भागने का प्रयास करने लगे।
पुलिस की जवाबी फायरिंग में एक आरोपित के पैर में गोली लगी और वह घायल होकर वहीं गिर गया। इसके बाद पुलिस ने दो अन्य आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। इसी दौरान अंधेरे का फायदा उठाकर दो आरोपित बदमाश पुलिस को चकमा देकर फरार हो गए।
पकड़े गए आरोपितों में पुलिस की गोली लगने से घायल जनपद शाहजहांपुर के थाना निगोही के ग्राम ईसापुर निवासी मंगल सिंह, थाना निगोही के ग्राम मिल्किया के अशोक, ग्राम इशापुर के कृष्ण कुमार उर्फ पांडु को गिरफ्तार कर लिया। जनपद लखीमपुर खीरी के थाना पंचगामा के रमपुरा निवासी सुरेश व गिरधर मौके से फरार हो गए। घायल मंगल सिंह को पुलिस ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया है।
पुलिस अधीक्षक ने आगे बताया कि पकड़े गए आरोपितों ने पूछताछ में कबूला है कि वह भिन्न-भिन्न थाना क्षेत्रों में घूम फिर कर मकानों दुकानों की रेकी करते हैं। फिर मौका पाकर चोरी व लूट की घटना को अंजाम देते हैं। पकड़े गए आरोपित मंगल सिंह पर 11, अशोक पर 18 और कृष्ण कुमार उर्फ अंडू पर 21 मुकदमे दर्ज हैं।
——————–
(Udaipur Kiran) / निमित कुमार जायसवाल
