धर्मशाला, 25 जुलाई (Udaipur Kiran) । जिला कांगड़ा की धीरा तहसील के ढूहक पंचायत में शुक्रवार को एकल उपयोग प्लास्टिक के दुष्प्रभावों को लेकर एक जन-जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता शिल्पी बेक्टा, अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी कांगड़ा ने की। कार्यक्रम के अंतर्गत स्थानीय महिला मंडलों को एकल उपयोग प्लास्टिक का उपयोग न करने हेतु प्रेरित किया गया तथा उन्हें पर्यावरण-संवेदनशील जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया गया। महिला मंडलों को अपने क्षेत्र में प्लास्टिक एकत्र करने के लिए कपड़े के थैले वितरित किए गए, ताकि एक सकारात्मक एवं व्यावहारिक पहल के माध्यम से प्लास्टिक मुक्त अभियान को गति दी जा सके।
इस अवसर पर जय ज्वाला महिला मंडल (धनियारा) से उर्मिला राणा, नारी शक्ति महिला मंडल से मीनाक्षी तथा कृष्णा महिला मंडल से सुनीता कुमारी अपनी अन्य सदस्याओं के साथ सक्रिय रूप से उपस्थित रहीं और इस अभियान में सहभागिता सुनिश्चित की।
कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में पर्यावरण संरक्षण को जन आंदोलन का रूप देना तथा समुदाय स्तर पर जागरूकता बढ़ाना था। अधिकारियों ने महिला मंडलों के प्रयासों की सराहना करते हुए उन्हें भविष्य में भी इस मुहिम को जारी रखने हेतु प्रोत्साहित किया।
(Udaipur Kiran) / सतेंद्र धलारिया
