
– मोरनी में आयोजित राज्य स्तरीय वन महोत्सव में मुख्यमंत्री ने की शिरकत
– वन क्षेत्र को बढ़ाने के लिए 5 वर्षों तक पौधों की वृद्धि पर रखी जाएगी नजर
चंडीगढ़, 23 जुलाई (Udaipur Kiran) । हरियाणा के मुख्यमंत्री नायबसिंह सैनी ने पर्यावरण संरक्षण, स्वस्थ और सतत भविष्य सुनिश्चित करने की दिशा में घोषणा करते हुए कहा कि राज्य सरकार ने इस वर्ष प्रदेशभर में 2.10 करोड़ पौधे लगाने का महत्वाकांक्षी लक्ष्य रखा है। इस अवसर पर उन्होंने राज्य के लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने का आह्वान करते हुए कहा कि इस मानसून के मौसम में प्रत्येक परिवार कम से कम एक पेड़ अवश्य लगाए। उन्होंने कहा कि ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के पहले चरण में, हरियाणा में 1.60 करोड़ पौधों के तय लक्ष्य से भी अधिक 1.87 करोड़ पौधे लगाए जा चुके हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि नागरिकों के सहयोग से हम एक बार फिर इस लक्ष्य को पार कर लेंगे।
मुख्यमंत्री बुधवार काे पंचकूला जिले के मोरनी में आयोजित राज्य स्तरीय वन महोत्सव को संबोधित कर रहे थे। इस मौके पर पर्यावरण, वन एवं वन्यजीव मंत्री राव नरबीर सिंह भी उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री ने यह भी घोषणा की कि वन विभाग द्वारा शुरू किए गए वृक्षारोपण की हर साल ड्रोन का उपयोग करके जियो-टैगिंग और नियमित रूप से मैपिंग की जाएगी। हरियाणा में वन क्षेत्र बढ़ाने में योगदान देने के लिए इन पौधों के विकास की निगरानी पाँच वर्षों तक की जाएगी। अक्टूबर 2014 से, राज्यभर में लगभग 18 करोड़ पौधे लगाए जा चुके हैं।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने वन एवं वन्यजीव विभाग द्वारा प्रकाशित दो पुस्तिकाओं का विमोचन भी किया, जो मोरनी क्षेत्र में ईको-टूरिज्म को बढ़ावा देने के लिए हर्बल वाटिका और नेचर ट्रेल्स के विकास पर केंद्रित हैं। कालका विधायक श्रीमती शक्ति रानी शर्मा द्वारा रखी गई मांगों पर मुख्यमंत्री ने आश्वासन दिया कि संबंधित विभागों द्वारा फिजिबिलिटी चेक किए जाने के बाद विकास संबंधी सभी मांगों को पूरा किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वन महोत्सव वृक्षों की सुरक्षा और क्षेत्र में पर्यटन को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। इस बात पर ज़ोर दिया कि सरकार के अलावा, पर्यावरण संरक्षण में योगदान देना प्रत्येक व्यक्ति की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने लोगों से कम से कम एक पौधा लगाने और कम से कम पाँच वर्षों तक अपने बच्चों की तरह उसकी देखभाल करने का आग्रह किया। 2014 से अब तक कालका विधानसभा क्षेत्र में 2,446 करोड़ रुपये के विकास कार्य पूरे हुए हैं, जबकि उससे पहले के दस वर्षों में केवल 304 करोड़ रुपये के ही कार्य हुए हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने मोरनी क्षेत्र के समग्र विकास को सुनिश्चित करने में कोई कसर नहीं छोड़ी है। वर्ष 2014 से अब तक कालका विधानसभा क्षेत्र में 2,446 करोड़ रुपये के विकास कार्य पूरे हो चुके हैं, जबकि कांग्रेस सरकार के 10 साल के कार्यकाल में केवल 304 करोड़ रुपये के ही काम हुए थे। उन्होंने कहा कि पिछले 10 वर्षों में हमने कालका विधानसभा क्षेत्र के लिए कुल 171 घोषणाएं की हैं। इनमें से 60 घोषणाएँ पूरी हो चुकी हैं और 9 अन्य पर कार्य प्रगति पर है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में राज्य में पहली बार लगातार तीसरी बार सरकार बनी है, जो वर्तमान सरकार में लोगों के बढ़ते विश्वास का स्पष्ट प्रमाण है।
हरियाणा के पर्यावरण, वन एवं वन्यजीव मंत्री राव नरबीर सिंह ने कहा कि वन महोत्सव को केवल एक औपचारिक आयोजन न मानकर, एक जन आंदोलन के रूप में देखा जाना चाहिए जिसमें राज्य का प्रत्येक नागरिक सक्रिय रूप से भाग ले। उन्होंने जनता से न केवल पौधे लगाने का संकल्प लेने, बल्कि उनकी उचित देखभाल सुनिश्चित करने का भी आग्रह किया, जिससे पर्यावरण को स्वच्छ और हरा-भरा बनाए रखने में मदद मिलेगी।
—————
(Udaipur Kiran) शर्मा
