Delhi

आईटीओ बैराज का नियंत्रण लेने के लिए हरियाणा से अनुरोध करेगी दिल्ली सरकार

नई दिल्ली, 23 जुलाई (Udaipur Kiran) । दिल्ली सरकार यमुना नदी पर स्थित आईटीओ बैराज का नियंत्रण अपने हाथ में लेने के लिए हरियाणा सरकार से औपचारिक अनुरोध करेगी। यह जानकारी बुधवार को अधिकारियों ने दी।

एक वरिष्ठ सरकारी अधिकारी ने बुधवार को बताया कि बैराज के गेटों की मरम्मत कर दी गई है, ताकि 2023 जैसी बाढ़ की स्थिति की पुनरावृत्ति न हो और हम लगातार इसकी निगरानी कर रहे हैं। इसके बावजूद हम हरियाणा सरकार से इसे दिल्ली सरकार को सौंपने का औपचारिक अनुरोध करेंगे।

अधिकारी ने कहा कि सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण मंत्री प्रवेश वर्मा ने इस योजना को स्वीकृति दे दी है और वे स्वयं इस विषय को हरियाणा सरकार के समक्ष उठाएंगे। इससे पहले भी दिल्ली सरकार ने इस महत्वपूर्ण बैराज को अपने नियंत्रण में लेने के लिए पड़ोसी राज्य को पत्र लिखे हैं।

आईटीओ बैराज दिल्ली के बाढ़ नियंत्रण के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। वर्ष 2023 में इसके गेटों की खराबी के कारण संकट और गहरा गया था। हालांकि मरम्मत की जा चुकी है, लेकिन आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित कार्रवाई के लिए दिल्ली सरकार को इसका पूर्ण नियंत्रण आवश्यक है।

मंत्री प्रवेश साहिब सिंह ने कहा कि हम हरियाणा सरकार से इसे दिल्ली को सौंपने का औपचारिक अनुरोध करेंगे। उन्होंने कहा कि दिल्ली की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं होगा।

—————

(Udaipur Kiran) / धीरेन्द्र यादव

Most Popular

To Top