RAJASTHAN

विधान सभा में बनेगी कारगिल शौर्य वाटिका

विधान सभा

जयपुर, 23 जुलाई (Udaipur Kiran) । राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी की पहल पर विधान सभा परिसर में कारगिल शौर्य वाटिका का निर्माण किया जा रहा है। इस वाटिका में हरियाली अमावस्या पर एक हजार एक सौ पौधे लगाये जायेंगे। देवनानी शौर्य वाटिका में सिंदूर का पौधा रोप कर समारोह का शुभारम्भ करेंगे।

कारगिल विजय दिवस की 26वीं वर्षगांठ पर विधान सभा अध्यक्ष देवनानी के साथ 21 वीरांगनाएं भी विधान सभा की कारगिल शौर्य वाटिका में पौधे लगायेगी। इस मौके पर सैनिक कल्याण मंत्री कर्नल राज्यवर्धन राठौड, वन एवं पर्यावरण मंत्री संजय शर्मा, सैनिक कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष प्रेम सिंह बाजौर सहित अनेक विधायकगण भी वाटिका में पौधारोपण करेंगे।

विधान सभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने बताया कि राजस्थान विधान सभा परिसर में कारगिल विजय में शहीद हुए सैनिको की स्मृति में कारगिल शौर्य वाटिका की स्थापना की जा रही है। इस वाटिका में विधान सभा अध्यक्ष श्री देवनानी, मंत्रीगण, विधायकगण और वीरांगनाएं शहीदों की याद में पौधे लगायेंगी। देवनानी ने बताया कि इस वाटिका में सिंदूर, एरिका पाम, सांग ऑफ इण्डिया, किसना फाइकस और क्रोटोन प्रजाति के पौधे लगाये जायेंगे।

देवनानी ने बताया कि वायु प्रदूषण को कम करने वाले यह पौधे भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और प्राकृतिक सुंदरता के प्रतीक है। सकारात्मक ऊर्जा का वातावरण बनाने वाले इन पौधों की पत्तियों का उपयोग पारम्परिक चिकित्सा प्रणाली में उपयोग किया जाता है।

राजस्थान विधान सभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने बताया कि कारगिल विजय दिवस के गौरवमयी अवसर पर आयोजित होने वाले इस समारोह में ऑपरेशन विजय (कारगिल युद्ध 1999) में प्रोणोत्सर्ग करने वाले शूरवीरों (बैटल कैजुएलिटी फेटल) की 21 वीरांगनाओं का सम्मान किया जायेगा। वीरांगनाओं को शॉल ओढाकर और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया जावेगा। सम्मानित होने वाली वीरांगनाएं सीकर, झुंझुनू, चूरु, जयपुर और कोटपुतली बहरोड जिले की निवासी है।

देवनानी ने बताया कि कारगिल युद्ध जो 1999 में कारगिल सेक्टर में लड़ा गया था, वह भारतीय सेना के साहस और बलिदान का महत्वपूर्ण उदाहरण है। शौर्य वाटिका इस युद्ध में शहीद हुए सैनिकों की वीरता को समर्पित है। यह समाज के लिए राष्ट्र प्रथम की भावना को विकसित करने और उन्हें राष्ट्र सेवा की प्रेरणा देने का माध्यम है।

—————

(Udaipur Kiran)

Most Popular

To Top