Jharkhand

आम नागरिकों की शिकायतों समय पर समाधान करें अधिकारी : उपायुक्त

बैठक अधिकारियों के साथ चर्चा करते उपायुक्‍त

रांची, 21 जुलाई (Udaipur Kiran) । उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने सोमवार को समाहरणालय स्थित सभाकक्ष में जिलास्तरीय वरीय पदाधिकारियों के साथ बैठक की।

बैठक में जिले में चल रही विकास परियोजनाओं, जनकल्याणकारी योजनाओं और प्रशासनिक कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई।

मौके पर उपायुक्त ने अधिकारियों से आम लोगों की समस्याओं का समाधान समय पर करने का निर्देश दिया।

उन्होंने अ‍धिकारियों को विकास योजनाओं की समय पर प्रगति की जानकारी देने को कहा।

उपायुक्त ने आगामी विश्व आदिवासी महोत्सव को लेकर कार्यक्रम स्थल से लेकर सभी आवश्यक जिला स्तरीय तैयारी को पूरा करने का निर्देश दिया।

योजनाओं का करें प्रभावी कार्यान्वयन

बैठक में केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक पहुंचाने पर जोर दिया गया। उपायुक्त ने मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालय और कस्तूरबा गांधी विद्यालय में जो भी आवश्यक निर्माण कार्य होने हैं, उसे लेकर जरूरी निर्देश सम्बंधित पदाधिकारी को दिया।

साथ ही उन्होंने इंडियन रेड क्रॉस सोसायटी का डीएमएफटी फंड के माध्यम से भवन की मरम्मत के लिए प्रस्ताव पर कार्य करने को कहा।

उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे जनता की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के साथ करें। उन्होंने जोर देकर कहा कि अधिकारी हर स्थिति में आम लोगों के साथ विनम्र और सम्मानजनक व्यवहार करें। साथ ही, उनके कार्यालय के कर्मचारी नागरिकों की शिकायतों को ध्यानपूर्वक सुनें और उनके कार्यों को त्वरित गति से निपटाएं।

मौके पर मुख्यमंत्री मंईया सम्मान योजना की राशि भुगतान की समीक्षा की गई। उन्होंने सम्बंधित अधिकारी से कहा कि किसी कारण से योग्य लाभुकों का सम्मान राशि का भुगतान नहीं किया गया है तो उसपर विशेष ध्यान दें। साथ ही आधार मैपिंग जिनका नहीं हुआ है, उनका मैपिंग जल्द कराने को कहा। उन्होंने कहा कि योग्य लाभुकों को सम्मान राशि दिलाना सभी सम्बंधित पदाधिकारी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

बैठक में उप विकास आयुक्त सौरभ भुवनीया, अपर समाहर्ता रामनारायण सिंह, अनुमंडल पदाधिकारी सदर उत्कर्ष कुमार और जिला के सभी विभागों के वरीय अधिकारियों ने भाग लिया।

—————

(Udaipur Kiran) / Vinod Pathak

Most Popular

To Top