Madhya Pradesh

भाजपा संगठन की ऑक्सीजन हैं युवा मोर्चा के कार्यकर्ता : डॉ. मोहन यादव

बैठक को संबोधित करते हुए मुख्‍यमंत्री डॉ. मोहन यादव
बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल
बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद
बैठक को संबोधित करते हुए युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष वैभव पंवार

– भाजपा युवा मोर्चा की प्रदेश कार्यसमिति की हुई बैठक

भोपाल, 21 जुलाई (Udaipur Kiran) । मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि युवा मोर्चा के कार्यकर्ता भाजपा संगठन की ऑक्सीजन हैं। कांग्रेस जैसी पार्टियां सामाजिक ताने-बाने को तोड़ना चाहती हैं, इसके लिए युवा मोर्चा के सभी कार्यकर्ताओं को सजग रहना होगा और विरोधियों को अपने मकसद में कामयाब नहीं होने देना है, ताकि वर्ष 2047 तक भारत को विश्व गुरू बनने में कोई अड़चन न आए। कार्यकर्ता संकल्पों और सिद्धांतों के साथ भाजपा की विजय यात्रा में योगदान जारी रखें।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव सोमवार को राजधानी भोपाल के प्रदेश कार्यालय में भारतीय जनता युवा मोर्चा की प्रदेश कार्य समिति की बैठक को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष व विधायक हेमंत खण्डेलवाल एवं प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद भी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि भारत दुनिया का युवा देश है। सबसे बड़ा और सशक्त लोकतांत्रिक देश है। देश में जब से गणतंत्र लागू हुआ, देश लगातार आगे बढ़ रहा है। देश को आजादी दिलाने में क्रांतिकारी युवाओं का अहम योगदान है।

भारत को दुनिया का नंबर एक देश बनाने में मध्य प्रदेश की बड़ी भूमिका होगी

डॉ. यादव ने कहा कि कांग्रेस ने आजादी के बाद 55 सालों तक देश में शासन किया, लेकिन देश को उस मुकाम तक नहीं पहुंचा सके, जहां उसे होना चाहिए था। कांग्रेस पार्टी सामाजिक ताने-बाने को तोड़ना चाहती है। दस तरह की बातें करने वाली कांग्रेस के अंदर कुछ और होता है, बाहर कुछ और होता है। युवा मोर्चा के सभी कार्यकर्ताओं को सजग रहना होगा और कांग्रेस के सामाजिक ताने-बाने को तोड़ने के मंसूबे में कामयाब नहीं होने देना है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार देश का लगातार विकास करते हुए भारत को दुनिया का नंबर एक देश बनाने में जुटी है। इस काम में मध्य प्रदेश के युवा भी अपने परिश्रम व पुरूषार्थ से पूरा योगदान दें। उन्‍होंने कहा कि हमें पूरा विश्वास है कि वर्ष 2047 तक भारत को विश्व गुरू बनाने के जिस संकल्प को लेकर प्रधानमंत्री मोदी कार्य कर रहे हैं, उस संकल्प को पूरा करने में मध्य प्रदेश की भी बड़ी भूमिका होगी।

सरकार के कामों को जनता तक पहुंचाए युवा मोर्चा : खण्डेलवाल

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष खण्डेलवाल ने कहा कि मोर्चा कार्यकर्ता अपने कामों से समाज में ऐसी छवि बनाएं, जो यादगार रहे। अपने आचरण और व्यवहार पर ध्यान दें, उसे निखारें। अगर आपको समाज में सम्मान मिलेगा, तो हमारे दल को भी सम्मान मिलेगा। खण्डेलवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश नई बुलंदियों को छू रहा है। उन्होंने वो मूलभूत चीजें और सुविधाएं आमजन को उपलब्ध कराईं, जिनके बारे में कांग्रेस की सरकारों ने 70 वर्षों में सोचा तक नहीं। इसी तरह मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव लगातार प्रदेश के विकास की चिंता कर रहे हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने हाल ही में 11000 करोड़ से अधिक के निवेश प्रस्ताव लेकर विदेश यात्रा से लौटे हैं। युवा मोर्चा केंद्र और राज्य सरकारों के इन कामों को जनता तक पहुंचाए।

विपक्ष के नैरेटिव का जवाब दे युवा मोर्चा : हितानंद

प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद ने कहा कि विपक्ष लगातार हमारी सरकारों के खिलाफ नैरेटिव बनाने का प्रयास कर रहा है। हमारी केंद्र और राज्य सरकारों ने देश व प्रदेश के हित में जो काम किए हैं, युवा मोर्चा कार्यकर्ता उन कामों को जनता तक पहुंचाएं। पूरे साक्ष्यों के साथ विपक्ष के नैरेटिव का जवाब दें। युवा मोर्चा कार्य, कार्यक्रम और कार्यकर्ता के स्तर पर समीक्षा करके अपने कार्यों का सिंहावलोकन करें। इसके लिए मैपिंग का भी सहारा लिया जा सकता है। उन्होंने आगामी कार्यक्रमों की चर्चा करते हुए कहा कि कारगिल विजय दिवस पर युवा मोर्चा कार्यकर्ता विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से देश के वीर सैनिकों की गाथा को युवाओं तक पहुंचाएं।

पार्टी नेताओं के व्यक्तित्व और कृतित्व का अनुसरण करें मोर्चा कार्यकर्ता : वैभव पंवार

युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष वैभव पंवार ने कहा कि मध्य प्रदेश के युवा मोर्चा के कार्यकर्ता अपनी पार्टी के नेताओं के कृतित्व व व्यक्तित्व का अपने जीवन में अनुसरण कर पार्टी संगठन के कार्यों को आगे बढ़ाने में जुटे रहें। युवा मोर्चा के कार्यकर्ता पूरी ईमानदारी व प्रतिबद्धता से अपनी जिम्मेदारी निभा रहे हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के समय से ही विभिन्न दायित्वों का निर्वहन करते रहे हैं और आज मध्य प्रदेश को विकास की नई ऊंचाईयों पर ले जा रहे हैं। युवा मोर्चा मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल के मार्गदर्शन में पार्टी संगठन की हर जिम्मेदारी को निभाकर संगठन को आगे ले जाने का कार्य कर रहा है। मोर्चा कार्यकर्ता भाजपा सरकार के कार्यों को भी जन-जन तक पहुंचाकर अंत्योदय के मूल भाव को साकार करने में प्राणपण से जुटा हुआ है।

बैठक में युवा मोर्चा के कार्यकाल की पुस्तिका ‘समर्पण’ अतिथियों को भेंट की गई। इस अवसर पर पार्टी के प्रदेश महामंत्री व विधायक भगवानदास सबनानी, प्रदेश मंत्री लोकेन्द्र पाराशर एवं प्रदेश मीडिया प्रभारी आशीष उषा अग्रवाल उपस्थित रहे।

(Udaipur Kiran) / उम्मेद सिंह रावत

Most Popular

To Top