
रांची, 21 जुलाई (Udaipur Kiran) । जन समस्याओं के समाधान के लिए कांग्रेस भवन में स्वास्थ्य मंत्री डॉ इरफान अंसारी ने सोमवार को जनता दरबार में आम लोगों की फरियाद सुनी। जनता दरबार में मंत्री ने मौके पर ही संबंधित विभाग के अधिकारियों को समस्याओं के समाधान करने का निर्देश दिया।
इस संबंध में प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता सोनाल शांति ने बताया कि जनता दरबार में बारी-बारी से मंत्री के समक्ष कुल 123 लोगों ने अपनी समस्याओं को रखा जिस पर उन्होंने अधिकारियों से समाधान का रास्ता निकालने को कहा।
जनता दरबार में आए कुल मामलों में सिल्ली में जनप्रतिनिधियों ने विभिन्न एनजीओ को राज्यसभा सांसद दीपक प्रकाश की ओर से गूंज परिवार को दिए गए कार्डियक एम्बुलेंस के संचालित नहीं होने को लेकर मामला आया, इसके अलावा स्वास्थ्य केंद्र निर्माण संबंधित, आपूर्ति विभाग, इलाज, थाना, आपदा प्रबंधन, राशन कार्ड, स्थानांतरण, जमीन संबंधी मामलों के अलावा विभिन्न विभागों से संबंधित समस्याएं मंत्री के समक्ष लोगों ने रखा।
कई मामलों में मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश तथा कई समस्याओं के समाधान के लिए प्रक्रिया में तेजी लाने का निर्देश दिया गया। जनता दरबार में रांची, गुमला, धनबाद, पलामू, चतरा गिरिडीह, हजारीबाग, खूंटी सहित विभिन्न जिलों के लोगों ने अपनी समस्याओं को रखा।
जनता दरबार के बाद मीडिया से बात करते हुए डॉक्टर इरफान अंसारी ने कहा कि जायज समस्याओं का भी समाधान अधिकारी और कर्मचारी नहीं कर रहे हैं। आम लोगों की समस्याओं को अधिकारियों को समझना होगा, जब तक अधिकारी कर्मचारी अपने कार्यों का स्वमूल्यांकन नहीं करेंगे तब तक जनता की समस्याओं को गंभीरता से नहीं समझ पाएंगे।
जनता दरबार में कांग्रेस नेता प्रदीप तुलस्यान, गुंजन सिंह, निरंजन पासवान, राजन वर्मा, शशि भूषण राय सहित अन्य उपस्थित थे।
—————
(Udaipur Kiran) / विकाश कुमार पांडे
