Haryana

हरियाणा में 137 चिकित्सा अधिकारियों को नियुक्ति पत्र जारी

चंडीगढ़, 21 जुलाई (Udaipur Kiran) । हरियाणा सरकार ने स्वास्थ्य सेवाओं को मज़बूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए 137 नवचयनित चिकित्सा अधिकारियों को नियुक्तिपत्र जारी कर दिये हैं। इन सभी को राज्य के विभिन्न जिलों में नियुक्त किया गया है। अभ्यर्थियों को यह नियुक्ति पत्र बायोमेट्रिक और दस्तावेज सत्यापन के बाद जारी किए गए हैं।

सोमवार को हरियाणा की स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री आरती सिंह राव ने नवनियुक्त डॉक्टरों को बधाई देते हुए कहा कि योग्य और समर्पित चिकित्सा अधिकारियों की नियुक्ति से न केवल ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवा की पहुंच में सुधार होगा, बल्कि मौजूदा चिकित्सा कर्मचारियों पर बोझ भी कम होगा। यह कदम प्रत्येक नागरिक को समय पर, समान और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करने की हमारी सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

मंत्री राव ने कहा कि यह भर्ती अभियान लंबे समय से लंबित रिक्तियों को भरने की योजना का हिस्सा है। सरकार का प्रयास है कि कोई भी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी), सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) या सिविल अस्पताल पर्याप्त चिकित्सा कर्मचारियों के बिना संचालित न हो। उन्होंने बताया कि राज्यभर के सभी सिविल सर्जनों को ईमेल के माध्यम से नियुक्ति पत्र भेजे गए हैं, जहां से चयनित उम्मीदवार इन्हें प्राप्त कर सकते हैं। इन नवनियुक्तों को नारनौल, अंबाला शहर, भिवानी, सोनीपत, जींद, हिसार, पानीपत, करनाल, सिरसा, कुरुक्षेत्र, कैथल, झज्जर, फतेहाबाद, चरखी दादरी, यमुनानगर आदि जिलों के जिला नागरिक अस्पतालों (डीसीएच) में नियुक्त किया गया हैं। मंत्री ने पारदर्शी और कुशल नियुक्ति प्रक्रिया सुनिश्चित करने के लिए स्वास्थ्य विभाग, हरियाणा के निरंतर प्रयासों की भी सराहना की।

उल्लेखनीय है कि इससे पहले भी सरकार 560 चिकित्सा अधिकारियों को नियुक्ति पत्र जारी कर चुकी है, जिनमें से 409 ने सेवा ग्रहण कर ली है।

—————

(Udaipur Kiran) शर्मा

Most Popular

To Top