
नई दिल्ली, 21 जुलाई (Udaipur Kiran) । मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता सोमवार को शालीमार बाग में आयोजित हरियाली तीज उत्सव में सम्मिलित हुई। इस मौके पर उन्होंने कहा कि दिल्ली की बहनों की मुस्कुराहट, लोक परंपराओं की मिठास और त्योहार की आत्मीयता को करीब से अनुभव किया। तीज पर्व प्रकृति के साथ हमारे रिश्ते व नारी की आस्था, उम्मीद और ऊर्जा का प्रतीक है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली, विविधताओं का संगम होने के साथ-साथ अपने लोकपर्वों की आत्मा को भी उतनी ही आत्मीयता से संजोती है। उन्होंने सभी दिल्लीवासियों को 25,26, 27 जुलाई को पीतमपुरा स्थित दिल्ली हाट में हरियाली तीज के रंगारंग और सांस्कृतिक उत्सव में हिस्सा लेने के लिए आमंत्रित किया।
उल्लेखनीय है कि दिल्ली सरकार महिला सशक्तिकरण, सांस्कृतिक समृद्धि और सामुदायिक समरसता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से राजधानी में 25 जुलाई से तीन दिवसीय तीज मेला आयोजित करने जा रही है। दिल्ली हाट पीतमपुरा में आयोजित इस तीज मेले का उद्घाटन मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता 25 जुलाई की शाम करेंगी। यह जानकारी दिल्ली सरकार द्वारा जारी एक विज्ञप्ति दी गई थी।
इस तीज मेले में पारंपरिक कला और संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए 80 से अधिक स्टॉल लगाए जाएंगे। इनमें हस्तशिल्प, पारंपरिक कपड़े, चूड़ी, ब्लॉक प्रिंटिंग, एम्ब्रॉयडरी, मेंहदी और पारंपरिक व्यंजन आदि शामिल होंगे। साथ ही महिलाओं को प्रोत्साहित करने के लिए विभिन्न प्रतियोगिताएं और स्टेज प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इनमें मेंहदी, रंगोली, बिंदी सजावट, तीज क्वीन, तीज क्विज और स्लोगन लेखन प्रतियोगिता प्रमुख रहेंगी। इन सभी प्रतियोगिताओं के विजेताओं को आकर्षक पुरस्कार दिए जाएंगे। 18 जुलाई को वुमन इन ग्रिन नामक विशेष फैशन वॉक का आयोजन भी किया जाएगा, जिसमें मिस तीज 2025 का चयन होगा।
तीज मेले में महिलाओं के लिए पूरे दिन झूले और फन एक्टिविटीज की व्यवस्था की गई है। इसके साथ ही महिला सशक्तिकरण, स्वास्थ्य और सामाजिक मुद्दों पर केंद्रित वर्कशॉप भी आयोजित होंगी। प्रत्येक दिन तीज से जुड़ी कहानियों का वाचन भी किया जाएगा, जो सांस्कृतिक ज्ञान और परंपरा को आगे बढ़ाएगा।
तीज महोत्सव में पारंपरिक कलाओं की जीवंत प्रदर्शनी भी देखने को मिलेगी। इसमें कुम्हार का चाक, चूड़ी निर्माण, बुनाई, ब्लॉक प्रिंटिंग और कढ़ाई जैसे शिल्पों का लाइव प्रदर्शन शामिल होगा, ताकि लोग इन कलाओं को नजदीक से देख, समझ और अनुभव कर सकें। इसके अतिरिक्त मेले में परिवार और बच्चों के मनोरंजन का भी विशेष ध्यान रखा जाएगा। बच्चों के लिए किड्स जोन की व्यवस्था की गई है, जहां उनके लिए रोचक और शैक्षिक गतिविधियां, स्टोरी टेलिंग, मैजिक शो और विभिन्न खेल उपलब्ध होंगे।
—————
(Udaipur Kiran) / धीरेन्द्र यादव
