नाहन, 20 जुलाई (Udaipur Kiran) ।पांवटा साहिब के किसानों में भारी मायूसी है। गेहूं के बीज की खरीद के महीनों बाद भी अधिकतर किसानों को उनकी पेमेंट नहीं मिल पाई है। संयुक्त किसान मोर्चा हिमाचल प्रदेश के प्रदेशाध्यक्ष तरसेम सगी ने बताया कि कुल 423 किसानों में से केवल 107 को ही अब तक भुगतान हुआ है, जबकि शेष 316 किसान आज भी अपनी मेहनत की कीमत पाने के इंतजार में हैं।
उन्होंने कहा कि पांवटा साहिब के अधिकांश लोग कृषि पर ही निर्भर हैं। यहां के किसान धान, गन्ना और गेहूं की फसल उगाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं। लेकिन इस बार गेहूं बीज की खरीद पर उन्हें जो आश्वासन मिला था, वो अब तक पूरा नहीं हुआ। नतीजा यह है कि किसानों को मजदूरों की दिहाड़ी देना और घर चलाना तक मुश्किल हो गया है।
तरसेम सगी ने आरोप लगाया कि कृषि विभाग और कृषि मंडी के अधिकारी किसानों की समस्याओं पर ध्यान नहीं दे रहे हैं। उन्होंने चेताया कि यदि जल्द ही किसानों को उनका बकाया भुगतान नहीं मिला, तो संयुक्त किसान मोर्चा आंदोलन का रास्ता अपना सकता है।
—————
(Udaipur Kiran) / जितेंद्र ठाकुर
