Jharkhand

सावन मिलन समारोह में शालिनी अखौरी बनी सावन क्वीन

कार्यक्रम में शामिल महिलाएं

रांची, 20 जुलाई (Udaipur Kiran) । सावन माह के पावन अवसर पर गणेशाला डांस अकादमी की ओर से रविवार को डोरंडा स्थित साउथ ऑफिस पारा में रंगारंग सावन मिलन समारोह का आयोजन किया गया।

समारोह दौरान आयोजित प्रतियोगिता में शालिनी अखौरी को सावन क्वीन का खिताब मिला। मौके पर शिव भजन और नृत्य से देर शाम महफिल संगीतमय रही।

मौके पर बतौर मुख्य अतिथि सांस्कृतिक कार्य विभाग की सलाहकार डॉ अर्चना सिन्हा ने दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का उद्घाटन किया।

समारोह की अध्यक्षता गणेशाला डांस अकादमी की निदेशक सावित्री घोष ने की। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि सावन सिर्फ प्रकृति का उत्सव नहीं, बल्कि स्त्री शक्ति, सौंदर्य और संस्कृति का उत्सव है। इस आयोजन का उद्देश्य हमारी परंपराओं से जुड़ाव बनाए रखना और महिलाओं को एक मंच प्रदान करना है।

कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रही सावन क्वीन प्रतियोगिता, जिसमें रांची की विभिन्न संस्थाओं और मोहल्लों से आई महिलाओं ने भाग लिया। शालिनी अखौरी को सावन क्वीन का खिताब मिला, जबकि शर्मिष्ठा चक्रवर्ती द्वितीय और अनामिका पांडे तृतीय स्थान पर रहीं।

इस अवसर पर उपस्थित सभी महिलाओं ने पारंपरिक हरे वस्त्र पहन कर सावन की परंपरा और भगवान शिव की प्रियता को श्रद्धा भाव से सम्मानित किया। हरे रंग की सजीव आभा से सजी यह शाम एक सुंदर सांस्कृतिक छटा बिखेर रही थी।

कार्यक्रम में शिव भजनों की संगीतमय प्रस्तुतियों से जहां वातावरण भक्तिमय हो उठा, वहीं महिलाओं और बच्चों ने लोकप्रिय बॉलीवुड गीतों पर मनमोहक नृत्य कर समारोह को जीवंत कर दिया। मंच संचालन की कमान अनामिका घोष ने बखूबी संभाली।

इसके अलावे कार्यक्रम में मटका फोड़, सावन क्विज, मेंहदी प्रतियोगिता जैसी मनोरंजक गतिविधियां भी आयोजित की गईं, जिसमें विजेताओं को पुरस्कार दिए गए।

कार्यक्रम को सफल बनाने में शिल्पी घोष, कुमार अक्षय और शिवम् घोष का विशेष योगदान रहा।

समारोह में मुख्य रूप से लायन क्लब की सदस्य सीमा झा, समाजसेविका प्रिया मिश्रा, नृत्याचार्य रमेश साव, गायिका संध्या रॉय सहित क्षेत्र की कई गणमान्य महिलाएं और स्थानीय लोग मौजूद थे।

—————

(Udaipur Kiran) / Manoj Kumar

Most Popular

To Top