
चंडीगढ़, 19 जुलाई (Udaipur Kiran) । हरियाणा के नवनियुक्त राज्यपाल प्रो. असीम कुमार घोष एवं उनकी धर्मपत्नी मित्रा घोष शनिवार को हरियाणा राजभवन पहुंचे। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और उनके मंत्रिमंडल के सहयोगियों ने उनका स्वागत किया।
राज्यपाल प्रोफेसर घोष ने कहा कि हरियाणा के लोगों के लिए कार्य करना पहली प्राथमिकता रहेगी। उनका कार्य मुख्यमंत्री और प्रशासन का सहयोग करना है, जिससे आमजन को लाभ मिले। यह भी मेरी जिम्मेदारी रहेगी कि विपक्ष के सुझावों को भी सुनूं। प्रो. घोष ने कहा कि वे पश्चिम बंगाल से मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की प्रगतिशील पहलों को समर्थन और प्रोत्साहन देने आए हैं। मुख्यमंत्री के साथ मिलकर हरियाणा में समाज के गरीब और वंचित वर्गों के कल्याण के लिए काम करेंगे। उन्होंने आगे कहा कि विपक्ष को धैर्यपूर्वक सुनने और उनके विचारों और दृष्टिकोणों को समझने की भी उनकी महत्वपूर्ण ज़िम्मेदारी है। वे यह सुनिश्चित करेंगे कि मुख्यमंत्री को विपक्ष के विचारों से अवगत कराया जाए।
इससे पहले, मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने अपने मंत्रिमंडल सहयोगियों के साथ हरियाणा राजभवन में मनोनीत राज्यपाल प्रो. अशीम कुमार घोष का स्वागत किया। इस अवसर पर हरियाणा विधानसभा के अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण, विकास एवं पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंवार, शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा, शहरी स्थानीय निकाय मंत्री विपुल गोयल, कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्याम सिंह राणा, जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री रणबीर गंगवा, खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम, खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले राज्य मंत्री राजेश नागर, मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी सहित राज्य सरकार के अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित थे।
उल्लेखनीय है कि केंद्र सरकार ने हाल ही में बंडारू दत्तात्रेय का कार्यकाल पूरा होने के बाद प्रो. असीम कुमार घोष को हरियाणा का राज्यपाल नियुक्त किया है।
(Udaipur Kiran) शर्मा
