WORLD

बांग्लादेश के हिंसाग्रस्त गोपालगंज में तीन घंटे की ढील के बाद दोबारा कर्फ्यू लगाया गया

0f7037ce43341272378243b47f862767_1765823819.jpg

ढाका, 18 जुलाई (Udaipur Kiran) । बांग्लादेश के गोपालगंज में बुधवार को हिंसा, गोलीबारी और आगजनी के बाद लगाए गए कर्फ्यू के बाद भी हालात नहीं सुधरे। प्रशासन ने आज दिन में तीन घंटे की ढील के बाद फिर कर्फ्यू लगा दिया। प्रशासन ने शनिवार सुबह छह बजे तक स्थिति में सुधार नहीं होने पर कर्फ्यू की मियाद बढ़ाने की घोषणा की है।

द डेली स्टार अखबार की खबर के अनुसार गोपालगंज में बुधवार को हुई हिंसक झड़पों के बाद लगाया गया कर्फ्यू कल सुबह 6 बजे तक लागू रहेगा। यह घोषणा अब से कुछ देर पहले गोपालगंज के उपायुक्त मोहम्मद कमरुज्जमां ने की। अधिकारियों ने कहा कि कर्फ्यू के संबंध में अगला निर्णय सुबह कानून प्रवर्तन एजेंसियों के परामर्श के आधार पर लिया जाएगा।

नेशनल सिटीजन पार्टी (एनसीपी) की रैली को लेकर अवामी लीग समर्थकों और कानून प्रवर्तकों के बीच बुधवार को हुई हिंसक झड़पों के बाद बुधवार रात 8:00 बजे से गुरुवार शाम 6:00 बजे तक कर्फ्यू लागू किया गया था। इस झड़प में कम से कम चार लोग मारे गए और लगभग 50 लोग घायल हो गए। गृह मंत्रालय ने गुरुवार को कर्फ्यू को अनिश्चितकाल के लिए बढ़ा दिया था। स्थिति में कुछ सुधार होने पर आज सुबह 11:00 बजे से दोपहर 2:00 बजे तक तीन घंटे की ढील दी गई। इसके बाद कर्फ्यू को फिर लगाना पड़ा।

—————

(Udaipur Kiran) / मुकुंद

Most Popular

To Top