Haryana

सोनीपत व करनाल नगर निगम को स्वच्छता में मिला ‘थ्री स्टार’ का दर्जा

चंडीगढ़, 17 जुलाई (Udaipur Kiran) । स्वच्छता सर्वेक्षण 2024-25 में करनाल नगर निगम ने देशभर में तीसरा स्थान हासिल किया है। प्रदेश के दो नगर निगमों करनाल और सोनीपत को सर्वेक्षण के बाद थ्री-स्टार कैटेगरी के शहरों में शामिल किया है। आवासन एवं शहरी विकास मंत्रालय के सर्वे के बाद शहरों में साफ-सफाई के लिहाज से कैटेगरी तय हुई हैं।

प्रदेश के दो निगमों को जहां थ्री-स्टार मिले हैं, वहीं पानीपत व रोहतक नगर निगम तथा समालखा और गन्नौर नगर पालिका को सिंगल स्टार कैटेगरी में जगह मिली है। प्रदेश का एक भी शहर फाइव या सेवन स्टार हासिल नहीं कर पाया है। हरियाणा के सभी 88 शहरी स्थानीय निकायों – नगर निगमों, नगर परिषदों व नगर पालिकाओं को सर्वेक्षण में शामिल किया गया। सोनीपत नगर निगम की देशभर में 38वीं तथा पानीपत नगर निगम की 39वीं रैंकिंग आई है।

रोहतक नगर निगम सिंगल स्टार के साथ देशभर में 25वें पायदान पर है। प्रदेश के छह निकायों को छोड़कर बाकी 82 निकाय स्टार कैटेगरी से पूरी तरह से बाहर हैं। खुद निकाय मंत्री विपुल गोयल के फरीदाबाद नगर निगम को कोई स्टार नहीं मिला है। हालांकि, देशभर में इस निगम ने 34वीं रैंकिंग तो हासिल की है, लेकिन स्टार से वंचित रह गया।

मिलेनियम सिटी यानी गुरुग्राम नगर निगम ने देश में 41वीं पॉजिशन तो हासिल की है, लेकिन स्टार कैटेगरी से यह शहर बाहर ही रहा है।

केंद्रीय मंत्रालय की ओर से करवाए गए इस सर्वे की रिपोर्ट के बाद हरियाणा को राष्ट्रीय स्तर के दो अवार्ड भी मिले हैं। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मोहनलाल बड़ौली ने सर्वेक्षण रिपोर्ट के बाद कहा कि करनाल को देशभर में 50 हजार से 3 लाख की आबादी वाले शहरों में तीसरा सबसे स्वच्छ शहर घोषित किया जाना और सोनीपत को एक अन्य श्रेणी में सम्मान मिलना, हरियाणा की स्वच्छता में बढ़ती जागरूकता और भागीदारी का प्रतीक है।

—————

(Udaipur Kiran) शर्मा

Most Popular

To Top