
पानीपत, 17 जुलाई (Udaipur Kiran) । भारतीय जनता पार्टी ने गुरुवार को जिला पानीपत में अपने संगठन का विस्तार किया। जिला अध्यक्ष दुष्यंत भट्ट ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली से विचार विमर्श के बाद जिले में 21 पदाधिकारियों की नियुक्ति की है। जिला अध्यक्ष दुष्यंत भट्ट ने नव नियुक्त पदाधिकारियों को शुभकामनाएं और हार्दिक बधाई दी। इनमें मंत्रियों, पार्षदों, मेयर समेत पूर्व सांसद को भी जिम्मेदारी दी गई है। वहीं, लिस्ट में कई महिलाओं के भी नाम है, जिन्हें विशेष नियुक्तियां दी गई है। सभी नियुक्तियों को तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है। जिला अध्यक्ष दुष्यंत भट्ट ने संगठन का विस्तार करते हुए चारों विधानसभा स्तर पर मंडल पालक व मंडल प्रभारियों की नियुक्तियां की हैं। इनमें बड़े नामों में केबिनेट मंत्री कृष्ण लाल पंवार, महिपाल ढांडा, मेयर कोमल सैनी, समालखा विधायक मनमोहन भड़ाना और शहरी विधायक प्रमोद विज शामिल हैं। साथ ही पूर्व सांसद संजय भाटिया और उनके मौसेरे भाई नवीन भाटिया का नाम भी लिस्ट में शामिल है।
पानीपत जिला अध्यक्ष ने बताया कि पानीपत शहरी विधान सभा में पांच मंडल पालक, पांच मंडल प्रभारी तथा ग्रामीण व समालखा विधान सभा से भी पांच-पांच तथा इसराना से चार-चार पदाधिकारियों सहित दो विधानसभा प्रभारियों की नियुक्ति की गई है।
भाजपा जिला अध्यक्ष ने कहा कि सभी नवनियुक्त पदाधिकारी अनुशासन और समर्पण भाव से काम करते हुए संगठन को और अधिक मजबूत करें। उन्होंने कहा कि शीर्ष नेतृत्व के दिशा निर्देशानुसार जो संगठनात्मक कार्य पार्टी ने दिए हैं, उन्हें पूरा करें। जिला के नवनियुक्त पदाधिकारियों ने भी अपनी नियुक्ति पर भाजपा के शीर्ष नेतृत्व, मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली समेत तमाम वरिष्ठ नेताओं का आभार जताया और कहा कि वे निष्ठा व समर्पण भाव से कार्य करते हुए पार्टी संगठन को और अधिक मजबूत करने का काम करेंगे।
(Udaipur Kiran) / अनिल वर्मा
