Bihar

बदहाल सड़क पर धान की बुआई कर ग्रामीणों ने जताया विरोध

धान की बुआई करती महिलाएं

भागलपुर, 17 जुलाई (Udaipur Kiran) । जिले के रसलपुर खडहरा से झारखंड सीमा तक जाने वाली 12 किलोमीटर मुख्य सड़क मार्ग बीते पांच साल से बदहाल है। इससे नाराज होकर ग्रामीणों ने सड़क पर ही धान बुआई कर अपना विरोध जताया।

यह बिहार से झारखंड को जोड़ने वाली मुख्य सड़क है। जिस पर रोजाना सैकड़ों छोटे-बड़े वाहन चलते हैं। लेकिन पांच वर्षों से यह ग्रामीण सड़क गड्ढों में तब्दील हो चुका है। जिससे आए दिन छोटी बड़ी दुर्घटनाएं होती रहती हैं। कभी-कभी तो गाड़ी सीधे गड्ढे में पलट जाती है और लोगों के हाथ पैर टूट जाता है। कभी कभी तो लोगों की जान भी चली जाती है।

क्षेत्र के सांसद और विधायक की कार्य शैली से नाराज होकर गुरुवार को अमडंडा गांव के दर्जनों ग्रामीणों ने अनोखा विरोध प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने सड़क पर ही धान की रोपाई कर नेताओं के खिलाफ नाराजगी जाहिर की। प्रदर्शन कर रहे लोगों ने कहा कि चुनाव के समय नेता बड़ी-बड़ी बातें और वादे करते हैं। लेकिन चुनाव जीतने के बाद क्षेत्र की समस्याओं से मुंह मोड़ लेते हैं।

ग्रामीण भरत पासवान, अनिल तांती, उमर फारूक, पंकज कुशवाह, सिन्टू यादव, खखरी देवी, सुनिता देवी, राजीव कुशवाहा, राज अंकित कुशवाहा आदि ने कहा कि इस जर्जर सड़क के कारण सबसे ज्यादा परेशानी स्कूली बच्चों को होती है। बच्चे रोजाना जान जोखिम में डालकर स्कूल जाने को मजबूर हैं। अभी बरसात के दिनों में हालात और भी खराब हो गया है। सड़क पर कीचड़ और पानी भर जाने से पैदल चलना भी मुश्किल हो जाता है।

ग्रामीणों ने कहा कि यदि जल्द ही सड़क की मरम्मत नहीं करवाई गई, तो वे बड़े स्तर पर धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। चुनाव के समय नेताओं को गांव में घुसने नहीं देंगे। वहीं विधायक पवन यादव को फोन लगाया गया तो उन्होंने बात नहीं की।

—————

(Udaipur Kiran) / बिजय शंकर

Most Popular

To Top