Uttar Pradesh

बलिया में गंगा का जलस्तर चेतावनी बिंदु पार, बाढ़ के हालात

बाढ़ का जायजा लेते डीएम

बलिया, 16 जुलाई (Udaipur Kiran) । जिले में गंगा का जलस्तर खतरे का बिंदु पार कर गया है। गंगा में उफान से बैरिया तहसील के दुबेछपरा में बाढ़ के

हालात पैदा हो गए हैं। जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने बुधवार को निरीक्षण कर पूर्व में बने रिंग बांध के बारे में स्थानीय लोगों से विस्तृत जानकारी ली।

केंद्रीय बाढ़ नियंत्रण कक्ष के अनुसार बलिया में गायघाट के पास गंगा का जलस्तर खतरा बिंदु 57.615 मीटर को पार कर 58.120 मीटर पर पहुंच गया है।इसे देखते हुए जिला प्रशासन एलर्ट मोड पर आ गया है। डीएम ने एसडीएम बैरिया को तत्काल कंट्रोल रूम स्थापित कर 24 घंटे कर्मचारियों की दो शिफ्टों में ड्यूटी लगाने के निर्देश दिए हैं।

उन्होंने अधिकारियों को टतवर्ती गांवों में कटान रोकने की व्यवस्था करने को कहा है। डीएम ने कहा कि बाढ़ को लेकर हम सतर्क हैं। कटान रोकने के लिए जहां बम्बू प्लेट की आवश्यकता हो वहां व्यवस्था किया जाए। उन्होंने बाढ़ खंड अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिस बाढ़ क्षेत्र में कटान हो रहा है उस गांव में जाकर निरीक्षण किया जाए और बाढ़ रोकने की व्यवस्था सुनिश्चित किया जाए। साथ ही चक्की नौरंगा का भी निरीक्षण किया जाए और वहां पर 24 घंटे कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई जाए। डीएम ने बाढ़ से प्रभावित लोगों को शिफ्ट करने के निर्देश दिए।

उन्होंने अधिकारियों से बाढ़ से प्रभावित गांवों में जाकर प्रधानों के नाम व मोबाइल नंबर नोट करने और उनका सहयोग भी लेने को कहा। इसके साथ ही उन्होंने निरीक्षण के दौरान ग्राम-केहरपुर पहुंचकर वहां बनाए गए ठोकर को देखा, जो की पानी की धारा के प्रभाव को कम करने के लिए बनाया गया है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि स्थानीय लोगों को बाढ़ के पानी में नाव चलाने के लिए रोका जाए, ताकि किसी प्रकार की दुर्घटना होने न पाए।

—————

(Udaipur Kiran) / नीतू तिवारी

Most Popular

To Top