Jharkhand

झारखंड के आम अब वैश्विक मंच पर घोल रहा मिठास

प्रदर्शनी में आम्रपाली दिखाते फाहद अहमद खान समेत अन्य
सऊदी अरब में झारखंडी आम

रांची, 15 जुलाई (Udaipur Kiran) । झारखंड के आम अब वैश्विक मंच पर अपनी मिठास बिखेर रहे हैं। पूर्वी सिंहभूम और पाकुड़ जिलों के किसानों की ओर से बिरसा हरित ग्राम योजना के तहत उत्पादित आम्रपाली किस्म के आम सऊदी अरब के जेद्दा और रियाद में आयोजित मैंगो मानिया फेस्टिवल में जबरदस्त आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं।

विगत 14 से 17 जुलाई तक चल रहे इस फेस्टिवल का आयोजन लुलु हाइपर मार्केट में किया जा रहा है। इसका उद्घाटन काउंसिल जनरल ऑफ इंडिया, जेद्दा, एचई फाहद अहमद खान ने किया।

उन्होंने मंगलवार को प्रेस विज्ञप्ति जारी करते हुए बताया कि पहली बार झारखंड से आमों का अंतरराष्ट्रीय निर्यात हुआ है, जो एपेडा (एपीईडीए) और ऑल सीजन फार्म फ्रेश के माध्यम से संभव हो सका।

इस सफल निर्यात के पीछे बाजार समिति जमशेदपुर के पणन सचिव अभिषेक आनंद की विशेष भूमिका रही। निर्यात किए गए आमों का उत्पादन पटमदा (पूर्वी सिंहभूम) के किसान अशोक महतो और पाकुड़ के रंजीत पंडित, मिस्तारुक, मोर सलीम एवं सफी शेख की ओर से किया गया था।

इस खेप को मार्केटिंग बोर्ड के अध्यक्ष रविंद्र सिंह, सचिव अनुज कुमार और पाकुड़ के उपायुक्त मनीष कुमार ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया था।

ऑल सीजन फार्म फ्रेश के प्रोपराइटर अब्दुल हामिद खान के नेतृत्व में यह संस्था झारखंड की पहली ऐसी एपीडा-लाइसेंसी संस्था है, जो ताजी फल-सब्जियों का निर्यात कर रही है।

उल्‍लेखनीय है कि वर्ष 2021 में इसी संस्था के माध्यम से रांची के नगड़ी क्षेत्र से हरी सब्जियों का सफलतापूर्वक दुबई निर्यात किया गया था। बाजार समिति का लक्ष्य है कि भविष्य में झारखंड के किसानों की ओर से उत्पादित ताजी और जैविक उपज को वैश्विक बाजारों तक पहुंचाया जाए।

—————

(Udaipur Kiran) / Manoj Kumar

Most Popular

To Top