
सोनीपत, 15 जुलाई (Udaipur Kiran) । हरियाणा स्वच्छता अभियान में उल्लेखनीय सफलता की ओर अग्रसर
है। हाल ही में घोषित स्वच्छ सर्वेक्षण 2024 के परिणामों में सोनीपत नगर निगम ने पूरे
प्रदेश में पहला स्थान प्राप्त कर राज्य का गौरव बढ़ाया है। इस उपलब्धि के पीछे जनप्रतिनिधियों,
प्रशासन और नागरिकों की सामूहिक भागीदारी रही है।
स्वच्छ भारत मिशन हरियाणा के मीडिया समन्वयक पवन शर्मा ने
सोनीपत की इस उपलब्धि के लिए नगर निगम प्रशासन को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह सफलता
प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल, वर्तमान मुख्यमंत्री नायब सैनी, स्थानीय निकाय
मंत्री विपुल गोयल और प्रशासनिक अधिकारियों के नेतृत्व व आम जनता के सहयोग से संभव
हो पाई है।
सोनीपत दौरे के दौरान पवन शर्मा ने मंगलपरी को नगर निगम द्वारा
समाप्त किए गए सेकंड कचरा पॉइंट का निरीक्षण किया और वहां हुए सौंदर्यकरण की सराहना
की। उन्होंने इसे प्रदेश की स्वच्छता नीति में एक मजबूत कदम बताया। उन्होंने कहा कि
वर्ष 2014 से पहले स्वच्छता केवल कागजों में सीमित थी, परंतु प्रधानमंत्री नरेंद्र
मोदी ने इसे धरातल पर उतारते हुए एक जनआंदोलन में बदला। हरियाणा ने भी सबसे पहले राज्य
स्तरीय टास्क फोर्स का गठन कर इस अभियान को घर-घर तक पहुँचाया।
नगर निगम की जॉइंट कमिश्नर मीतू धनखड़ ने बताया कि पहले शहर
में 35 सेकंड कचरा पॉइंट थे जिन्हें घटाकर 15 किया गया है और अब इन्हें भी पूरी तरह
समाप्त करने की दिशा में कार्य चल रहा है। यह रैंकिंग न केवल एक सम्मान है, बल्कि आगे
और बेहतर कार्य करने की प्रेरणा भी है।
—————
(Udaipur Kiran) शर्मा परवाना
