
जम्मू, 14 जुलाई (Udaipur Kiran) । ब्राह्मण सभा छन्नी हिम्मत द्वारा पर्यावरण की सुरक्षा हेतु शुद्ध हवा एवं हरियाली को दृष्टिगत रखते हुए छन्नी हिम्मत के सेक्टर नंबर 1ए से वृक्षारोपण अभियान प्रारंभ किया गया। इस वृक्षारोपण अभियान का शुभारंभ शिक्षाविद् डॉ. विजय शर्मा ने इंदर देव शर्मा और छन्नी हिम्मत ब्राह्मण सभा के प्रधान सुनील शर्मा की उपस्थिति में किया।
इस वृक्षारोपण अभियान का शुभारंभ मासों में श्रेष्ठ श्रावण मास में वैदिक मंत्रों के उच्चारण के साथ हुआ। इस अवसर पर बोलते हुए सुनील शर्मा ने बताया कि शुद्ध हवा एवं वातावरण को सुदृढ़ करने हेतु सभा द्वारा छन्नी हिम्मत में वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया है, जिसके दूरगामी परिणाम आने वाली पीढ़ी को विरासत में मिलेंगे। इसमें ऐसे वृक्षों को लगाने का लक्ष्य रखा गया है, जिनसे न केवल शारीरिक लाभ, बल्कि आध्यात्मिक लाभ भी प्राप्त होगा। इस वृक्षारोपण अभियान में आयुर्वेद की दृष्टि से वातावरण में अपनी अमिट छाप छोड़ने वाले पौधे लगाए गए, जिससे लोगों को तंदुरुस्ती मिल सके।
श्री सुनील शर्मा ने छन्नी हिम्मत के रहने वाले लोगों से अपील की कि वे ब्राह्मण सभा छन्नी हिम्मत द्वारा चलाए जा रहे इस अभियान से जुड़कर हर एक सेक्टर को हरा-भरा बनाने में सहभागी बनें। उन्होंने बताया कि आने वाले दिनों में सभी सेक्टरों में तेजी से वृक्षारोपण किया जाएगा।
इस अवसर पर केवल कृष्ण शर्मा ने बताया कि सभा द्वारा ऐसे ही सेवाकार्य भविष्य में भी चलते रहेंगे, जिससे सभा का सेवा, समाज सेवा, राष्ट्र सेवा, नर सेवा, नारायण सेवा का जो लक्ष्य है, वह सतत चलता रहे। इस अवसर पर ओम प्रकाश दुबे, केवल कृष्ण शर्मा, यशपाल शर्मा, परवीन शर्मा, चमन लाल शर्मा, भुवनेश्वरी शर्मा, गिरिजा शर्मा, प्राण नाथ कौल, मनमोहन नारद, अशोक खजुरिया आदि उपस्थित थे।
(Udaipur Kiran) / राहुल शर्मा
