
अजमेर, 14 जुलाई (Udaipur Kiran) । राजस्थान में जारी भारी वर्षा के चलते पाली जिले के मारवाड़-बोमादड़ा रेलखंड पर रेल यातायात बाधित हो गया है। जलभराव की स्थिति के कारण कई ट्रेनों को मारवाड़ जंक्शन पर रोकना पड़ा, जिससे सैकड़ों यात्रियों को असुविधा का सामना करना पड़ा। इस आपात स्थिति में अजमेर मंडल रेल प्रशासन द्वारा यात्रियों की सुविधा हेतु विशेष प्रबंध किए गए हैं।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक बी.सी.एस. चौधरी ने जानकारी दी कि मंडल रेल प्रबंधक राजू भूतड़ा के निर्देश पर तत्काल राहत कार्य शुरू किए गए। प्रभावित ट्रेनों में ट्रेन संख्या 20496 (हड़पसर–जोधपुर) के लगभग 440 आरक्षित यात्रियों सहित कुल 650 यात्री, ट्रेन संख्या 11090 (पुणे–भगत की कोठी) के लगभग 200 यात्री, और 14822 (साबरमती–जोधपुर) के करीब 100 यात्री शामिल हैं।
मारवाड़ जंक्शन पर इन यात्रियों के लिए हेल्प डेस्क, रिफंड काउंटर, आवश्यक घोषणाओं की व्यवस्था, भोजन एवं पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित की गई। इसके अतिरिक्त, यात्रियों को पाली और जोधपुर तक पहुंचाने के लिए लगभग 10 बसों की व्यवस्था भी की गई।
प्रभावित रेल सेवाओं का विवरण
मार्ग परिवर्तित ट्रेनें:
16312 (तिरुवनंतपुरम उत्तर–श्रीगंगानगर): अब अजमेर–फुलेरा–मेडता रोड बाईपास–बीकानेर होते हुए संचालित।
20475 (बीकानेर–मिरज), 14707 (लालगढ़–दादर): अब लूनी–समदड़ी–भीलड़ी–पाटन–महेसाणा मार्ग से चलेंगी।
19223 (साबरमती–जम्मूतवी): अब पालनपुर–भीलड़ी–समदड़ी–लूनी होकर चलेगी।
14802 (इंदौर–जोधपुर) व 15014 (काठगोदाम–जैसलमेर): अजमेर–फुलेरा–मेडता रोड–जोधपुर मार्ग से संचालित।
आंशिक रूप से रद्द ट्रेनें:
14821 (जोधपुर–साबरमती): केवल पाली मारवाड़ तक संचालित, आगे का खंड रद्द।
14822 (साबरमती–जोधपुर): मारवाड़ जंक्शन तक ही चलेगी, मारवाड़ से जोधपुर खंड रद्द।
20496 (हड़पसर–जोधपुर) व 11090 (पुणे–भगत की कोठी): दोनों ट्रेनें मारवाड़ जंक्शन तक ही सीमित रहेंगी, आगे की यात्रा रद्द कर दी गई है।
—————
(Udaipur Kiran) / संतोष
