Jharkhand

समुद्री सीमाओं की सुरक्षा, जागरूकता और राष्ट्रभक्ति का भाव जगाता है तटरक्षक बल : संजय सेठ

केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री सहित अन्य
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए रक्षा राज्य मंत्री
केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री सहित अन्य

रांची, 14 जुलाई (Udaipur Kiran) । रक्षा राज्य मंत्री और रांची के सांसद संजय सेठ ने कहा कि तटरक्षक बल समुद्री सीमाओं की सुरक्षा, जागरूकता और राष्ट्रभक्ति का भाव जगाता है।

भारतीय तटरक्षक बल की ओर से रांची में पहली बार व्यापक पैमाने पर विभिन्न स्कूलों और कॉलेज में तटरक्षक बल में शामिल होने के लिए जागरूकता और भर्ती अभियान चलाया जा रहा है। यह अभियान रक्षा राज्य मंत्री और रांची के सांसद संजय सेठ की पहल पर आरंभ हुआ है। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों और युवाओं में भारतीय तटरक्षक दल के विषय में जागरूकता लाना है और रोजगार की संभावनाओं से अवगत कराना है।

सोमवार को रांची में रामटहल चौधरी स्कूल (ओरमांझी), एसएस मेमोरियल कॉलेज (कांके रोड), लाला लाजपत राय स्कूल और गोस्नर कॉलेज, रांची में विद्यार्थियों के बीच यह अभियान चलाया गया। अभियान को लेकर संवाद कार्यक्रम भी हुआ और विद्यार्थियों की जिज्ञासा का समाधान भी किया गया।

इस मौके पर रक्षा राज्य मंत्री ने कहा कि तटरक्षक बल समुद्री सीमाओं की सुरक्षा, जागरूकता और राष्ट्रभक्ति का भाव जगाता है। उन्होंने कहा कि हमारे बच्चे रोजगार और राष्ट्र सेवा के लिए साथ-साथ तैयार हों, इसके प्रति जागरूक हों। इस उद्देश्य के साथ भारतीय तटरक्षक बल की ओर से रांची में व्यापक अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत जागरूकता कार्यक्रम किया गया। भारतीय तटरक्षक बल से जुड़े अधिकारियों ने बच्चों को राष्ट्रसेवा के प्रति तैयार होने के लिए विभिन्न बातें बताई। रक्षा राज्य मंत्री ने बच्चों से संवाद कर उन्हें तटरक्षक बल में अपनी सेवा देने के लिए प्रेरित किया।

सेठ ने कहा कि रांची में पहली बार इस तरह का अभियान चलाया जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा से आरंभ हुआ। यह अभियान हमारे विद्यार्थियों और युवाओं को राष्ट्र के लिए काम करने की प्रेरणा देगा। उन्होंने कहा कि भारत के हजारों किमी समुद्री सीमाओं की सुरक्षा, समुद्री जीवजंतुओं की सुरक्षा, समुद्री आपदाओं से राहत और बचाव का कार्य तटरक्षक बल के जरिये किया जाता है।

उन्होंने कहा कि विदेश से आने वाले नशे के कारोबारी और अवैध घुसपैठ को रोकने का काम भी इनके ओर से ही किया जाता है। इससे जुड़ना समाज की सेवा करना है। यह सुनहरा अवसर है, जब रक्षा मंत्रालय तटरक्षक बल में भर्ती और जागरूकता के लिए रांची में अभियान चला रहा है। इसलिए विद्यार्थी और युवा अधिक से अधिक संख्या में इसमें शामिल हों और रोजगार के साथ राष्ट्र सेवा के इस अवसर का उपयोग करें।

भारतीय तटरक्षक बल के डीआईजी केएल अरुण ने विद्यार्थियों को तटरक्षक बल की गतिविधियों और कार्यप्रणाली से अवगत कराया। उन्हें बताया कि कैसे तटरक्षक बल काम करता है। इसके साथ जुड़ना और काम करना जीवन को रोमांच देने वाला अवसर होता है। इस दौरान उन्होंने बच्चों की जिज्ञासा का भी समाधान किया।

इस अवसर पर पूर्व सांसद राम टहल चौधरी, पूर्व विधायक रामकुमार पाहन, समरी लाल, रणधीर चौधरी, कमलेश राम, बीपी वर्मा ,रविंद्र सिंह ,एसडी सिंह ,ग्रामीण जिला अध्यक्ष धीरज महतो सहित हजारों की संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।

—————

(Udaipur Kiran) / विकाश कुमार पांडे

Most Popular

To Top