
रांची, 14 जुलाई (Udaipur Kiran) । मच्छर से होनेवाली बीमारियों की आशंका को देखते हुए नगर निगम की ओर से इसकी रोकथाम के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है।
इसे लेकर सोमवार को निगम के उप प्रशासक रविंद्र कुमार की अध्यक्षता में उक्त अभियान की समीक्षा की गई।
साथ ही इस संबंध में अधिकारियों को निर्देश दिया गया।
बैठक में उप प्रशासक ने रांची के सभी वार्डों में नियमित रूप से सुबह-शाम फॉगिंग करने का निर्देश दिया।
उन्होंने कहा कि अधिकारी सह सुनिश्चित करें कि फॉगिंग और एंटी लार्वा दवा का नियमित छिडकाव हर क्षेत्र में हो। साथ ही जल-जमाव वाले क्षेत्रों, नालियों और गडढों में एंटी लार्वा दवा का छिडकाव करने का निर्देश उप प्रशासक ने दिया।
उन्होंने अधिकारियों को स्वच्छता अभियान चलाते हुए नालियों की सफाई, झाडियों की कटाई करने, इसे लेकर आम लोगों को जागरूक करने के लिए पंपलेट बांटने, माइकिंग और वार्ड स्तर पर हर दिन बैठक करने को कहा है।
उप प्रशासक ने निगम के सहायक लोक स्वास्थ्य पदाधिकारी और स्वच्छता की टीम की ओर से विभिन्न वार्डों का निरीक्षण करने और उचित कार्रवाई करने को कहा है। इसके अलावा उन्होंने फॉगिंग से संबंधित प्रत्येक दिन का रोस्टर निगम के सोशल मीडिया पेज पर अपलोड करने का निर्देश अधिकारियों को दिया है। ताकि, आम लोगों को अपने क्षेत्र में होनेवाले फॉगिंग कार्य के बारे में जानकारी रहे।
इसके अलावा इस माैके पर मच्छरजनित बीमारियों की रोकथाम के लिए पंपलेट लॉन्च किया गया। इसे लोगों के बीच बांटने का निर्देश दिया गया।
समीक्षा बैठक में उप प्रशासक ने राजधानी के आम लोगों से अपील करते हुए कहा कि घरों में पानी जमा नहीं होने दें (कूलर, गमले, टंकी में)
इस मौके पर आम लोगों को किसी समस्याओं की शिकायत पर निगम के टॉल फ्री नंबर 18005701235 पर संपर्क करने को कहा गया है।
बैठक में निगम की सहायक लोक स्वास्थ्य पदाधिकारी डॉ किरण कुमारी, नगर प्रबंधक, सैनिटरी सुपरवाइजर, जोनल सुपरवाइजर और वार्ड सुपरवाइजर सहित अन्य मौजूद थे।
—————
(Udaipur Kiran) / Vinod Pathak
