
पानीपत, 14 जुलाई (Udaipur Kiran) । पानीपत के समालखा स्थित एक कपड़ा फैक्ट्री में लाखों के घोटाले का मामला सामने आया है। जिसमें सोनीपत के महावीर जैन ने अपने पार्टनर पर धोखाधड़ी का आरोप लगाया है। जिसकी शिकायत थाना समालखा में महावीर जैन द्वारा दर्ज कराई है। पुलिस द्वारा शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है।
जानकारी के अनुसार महावीर जैन ने 2023 में समालखा के गांव गढ़ी छाज्जू में पारस जीपर नाम से एक कपड़ा फैक्ट्री शुरू की थी। उन्होंने सूरत सिंह को 33 प्रतिशत हिस्सेदारी दी थी। समझौते के मुताबिक फैक्ट्री की पूरी लागत जैन को वहन करनी थी। सूरत सिंह को फैक्ट्री के रख-रखाव की जिम्मेदारी दी गई थी। 11 जुलाई 2023 को दोनों के बीच पार्टनरशिप डीड तैयार हुई।
जैन ने सूरत सिंह को त्यागी स्कूल ड्रेस के नाम पर 50 लाख रुपए नकद दिए। सूरत सिंह ने हर महीने 2 लाख रुपए लाभांश देने का वादा किया था। जैन का आरोप है कि सूरत सिंह ने आज तक कोई राशि लाभांश के रूप में नहीं दी। जबकि फैक्ट्री से स्कूल ड्रेस का माल लगातार भेजा जा रहा था। जब बैंक स्टेटमेंट की जांच की, तो फर्म के सीए ने 59 लाख 47 हजार 502 रुपए के घोटाले का खुलासा किया। जब जैन ने इस बारे में पूछताछ की, तो सूरत सिंह ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी। तब महावीर जैन ने पुलिस अधीक्षक पानीपत को शिकायत दी, उनके आदेश पर समालखा डीएसपी ने जांच की। इसके बाद सोमवार को सूरत सिंह के खिलाफ धोखाधड़ी और जान से मारने की धमकी देने का केस दर्ज किया गया है।
—————
(Udaipur Kiran) / अनिल वर्मा
