
झज्जर, 14 जुलाई (Udaipur Kiran) । बहादुरगढ में हुई राज्य स्तरीय सब जूनियर, जूनियर और सीनियर हरियाणा राज्य तैराकी प्रतियोगिता में पदक जीतने वाले चैंपियंस एक्वेटिक एकेडमी के तैराकों का सोमवार को अकादमी परिसर में अभिनंदन किया गया। हरियाणा तैराकी संघ के महासचिव अनिल खत्री, प्रशिक्षकों और अन्य लोगों ने विजेता तरीकों को बधाई दी और भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी।
बीते शनिवार को संपन्न हुई राज्य तैराकी प्रतियोगिता में चैंपियंस एक्वेटिक अकादमी के तैराकों ने 39 स्वर्ण पदक के साथ कुल 101 पदक हासिल किए हैं। इनमें 27 रजत पदक और 35 कांस्य पदक भी शामिल हैं। दिल्ली स्टेट एक्वेटिक चैंपियनशिप में भी एकेडमी के तैराकों ने चार रजत पदक और 6 कांस्य पदक हासिल किए।
पदक विजेता तैराकों का एकेडमी में जोरदार स्वागत किया गया। हरियाणा तैराकी संघ के महासचिव अनिल खत्री, सदस्य सुरेश जून और सीनियर कोच साई जाधव ने विजेता खिलाड़ियों के साथ मिलकर फोटो सेशन भी कराया। कोच साई जाधव ने बताया कि सीनियर एकेडमी की तैराक हेतिका खत्री ने दो स्वर्ण पदक और सर्वश्रेष्ठ तैराक की ट्राॅफी, जयवर्धन ने चार वर्ण पदक और तीन कांस्य, अतुल धनखड़ ने एक स्वर्ण पदक और दो रजत पदक, नितेश खत्री ने दो स्वर्ण पदक और दो कांस्य पदक, सक्षम जून ने एक स्वर्ण पदक, प्रियांशी दलाल ने दो स्वर्ण पदक, दो रजत पदक और एक कांस्य पदक, ईरा ने दो स्वर्ण पदक और दो कांस्य पदक, पूर्वी ने तीन स्वर्ण पदक, वीर दलाल ने पांच स्वर्ण पदक, एक रजत और एक कांस्य, रोहित लाठर ने सात स्वर्ण पदक, तीन कांस्य और बेस्ट स्विमर की ट्राॅफी, अवनि भारद्वाज ने टीम रजत और एक कांस्य, दक्ष फोगाट ने पांच स्वर्ण व एक रजत, इशांत ने एक स्वर्ण पदक, दो रजत और तीन कांस्य, मयंक जून ने दो स्वर्ण पदक और चार रजत, मयंक तुषीर ने दो रजत और दो कांस्य, शोभित गिल ने तीन रजत और दो कांस्य, दिव्यांशु गुलिया ने दो स्वर्ण, दो रजत और तीन कांस्य, अरमान सिंह ने एक कांस्य, आरव धनखड़ ने तीन कांस्य पदक और अंजलि ने एक कांस्य पदक हासिल किया है।
वहीं दिल्ली स्टेट एक्वेटिक चैंपियनशिप की बात करें तो एकेडमी में छह तैराकों ने मिलकर 10 पदक हासिल किए हैं। मयंक सहरावत ने दो रजत और एक कांस्य, प्रांजल हुड्डा ने एक रजत और एक कांस्य, पाखी ने एक कांस्य, मानव ने दो कांस्य , रिद्धिमा ने एक कांस्य और दिव्यांशु ने एक रजत पदक हासिल किया है।
हरियाणा तैराकी संघ के महासचिव अनिल खत्री ने विजेता तैराकों को बधाई दी और आगे भी इसी तरह ज्यादा मेहनत करते हुए सफलता के पथ पर अग्रसर रहने की शुभकामनाएं भी दी हैं। इस अवसर पर कोच पदमपाल, विशाल, साहिल, कृष्ण मुरारी और हर्ष कौशिक भी मौजूद रहे।
—————
(Udaipur Kiran) / शील भारद्वाज
