Jammu & Kashmir

भरोसा पहल का उद्देश्य महिलाओं और पुलिस के बीच विश्वास का निर्माण करना है- डीआईजी श्रीधर पाटिल

रामबन, 12 जुलाई (Udaipur Kiran) । डोडा-किश्तवाड़-रामबन (डीकेआर) रेंज के उप महानिरीक्षक (डीआईजी) श्रीधर पाटिल ने शनिवार को कहा कि भरोसा पहल का उद्देश्य महिलाओं और पुलिस के बीच विश्वास का निर्माण करना है।

डीआईजी पाटिल ने बताया कि इस कार्यक्रम में हर पुलिस स्टेशन पर विशेष रूप से प्रशिक्षित महिला अधिकारी तैनात की जाती हैं जो उत्पीड़न की शिकार महिलाओं और मानसिक स्वास्थ्य चुनौतियों का सामना कर रहे किशोरों को सहायता और परामर्श प्रदान करती हैं।

उन्होंने कहा कि सरकार महिलाओं की सुरक्षा को लेकर संवेदनशील है। उन्होंने कहा कि डोडा-किश्तवाड़-रामबन इलाका बहुत ही दुर्गम है और यहाँ की महिलाएँ अपनी शिकायतें लेकर आगे आने से हिचकिचाती हैं। इस समस्या के समाधान के लिए हमने एक पहल की और इसे भरोसा नाम दिया क्योंकि हम चाहते हैं कि महिलाओं का पुलिस पर भरोसा और विश्वास बना रहे।

उन्होंने कहा कि हमने इस क्षेत्र की महिलाओं की समस्यों से निपटने के लिए महिला पुलिस अधिकारियों के एक विशेष समूह को प्रशिक्षित किया है। हम चाहते हैं कि महिलाएँ अपने आसपास की महिलाओं के लिए आत्मविश्वास का प्रतीक बनें। अगर उन्हें घर या कार्यस्थल पर किसी भी तरह के उत्पीड़न का सामना करना पड़ता है तो महिलाओं को अपने नज़दीकी पुलिस स्टेशन से संपर्क करना चाहिए या पुलिस हेल्पलाइन पर कॉल करना चाहिए। प्रत्येक पुलिस स्टेशन में एक महिला अधिकारी तैनात है। उन्होंने कहा कि बहुत से किशोर आत्महत्या करने की ओर बढ़ते हैं लेकिन उन्हें नज़दीकी पुलिस अधिकारी से संपर्क करना चाहिए, उन्हें परामर्श प्रदान किया जाएगा।

पुलिस सब-इंस्पेक्टर तानिया शर्मा ने बताया कि जम्मू-कश्मीर पुलिस की भरोसा पहल महिलाओं को उनके कानूनी अधिकारों के बारे में शिक्षित करने और इस कलंक को तोड़ने पर भी केंद्रित है कि पुलिस स्टेशन जाना हानिकारक है।

शर्मा ने कहा कि यह पहल डीआईजी डीकेआर रेंज द्वारा की गई है। उन्होंने कहा कि महिलाओं को आपराधिक कानूनों और बीएनएस व अन्य कानूनों के माध्यम से उनकी आवाज़ को संवेदनशील बनाने के बारे में जागरूक होना चाहिए। उन्होंने कहा कि महिलाओं में एक भ्रांति है कि अगर वे पुलिस स्टेशन जाएँगी तो अच्छा नहीं होगा और हमें इस भ्रांति को तोड़ना होगा। उन्होंने कहा कि सरकार और राष्ट्रीय महिला आयोग जैसी कई पहलों की शुरुआत की गई है।

उल्लेखनीय है कि महिलाओं की सुरक्षा और पुलिस व्यवस्था में जनता का विश्वास मज़बूत करने के एक ऐतिहासिक कदम के तहत जम्मू-कश्मीर पुलिस ने बुधवार को डीकेआर रेंज में डीआईजी श्रीधर पाटिल के नेतृत्व में भरोसा पहल की शुरुआत की। इस व्यापक कार्यक्रम का उद्देश्य अपराधों की कम रिपोर्टिंग की समस्या को दूर करना और विशेष रूप से ग्रामीण और अर्ध-शहरी क्षेत्रों में महिलाओं के अधिकारों के बारे में जागरूकता बढ़ाना है।

(Udaipur Kiran) / सुमन लता

Most Popular

To Top