HEADLINES

इतिहास के पन्नों में 13 जुलाईः मुंबई के लिए मनहूस तारीख, तीन जगह बम धमाके, 26 की मौत

मुंबई कभी नहीं भूल सकती इन धमाकों को।

इतिहास में जुलाई का महीना भारत में एक दुखद घटना के साथ दर्ज है। दरअसल 2006 में 11 जुलाई को मुंबई में लोकल ट्रेन में बम धमाके हुए थे और वर्ष 2011 में 13 जुलाई को मुंबई के तीन इलाकों झावेरी बाजार, ओपेरा हाउस और दादर में बम धमाके हुए। इन धमाकों की सिहरन ने एक बार फिर देश की आर्थिक राजधानी को घेर लिया। इन धमाकों में 26 से अधिक लोगों की जान चली गई और 130 से अधिक लोग घायल हुए थे।

मुंबई ने जुलाई में इस्लामिक आतंकवाद के खौफनाक मंजर देखे हैं। 13 जुलाई 2011 को मुंबई में बम विस्फोट कराने का पूरा प्लान इंडियन मुजाहिद्दीन के संस्थापक यासीन भटकल का था। मुंबई के व्यस्ततम इलाकों में शाम को 10-15 मिनट के अंतराल में तीन जगह बम विस्फोट हुए ।

पहला धमाका दक्षिणी मुंबई में शाम 06:54 बजे हुआ। यह धमाका झावेरी बाजार की खाऊ गली में एक मोटरसाइकिल में प्लांट किए गए बम से हुआ। इसके कुछ दूरे बाद ओपेरा हाउस इलाके में प्रसाद चैंबर और पंचरत्न बिल्डिंग के बाहर एक टिफिन बॉक्स में रखे गए बम से जोरदार धमाका हुआ। तीसरा धमाका 07:05 बजे दादर के कबूतर खाना इलाके के पास बस स्टैंड में एक बिजली के खंभे पर लटकाए गए बम से हुआ।

इन धमाकों के बाद कई लोगों से पूछताछ हुई। धमाकों की जांच का जिम्मा एटीएस को सौंपा गया। जांच के दौरान 18 राज्यों में सुराग की तलाश की गई। आरोपित यासीन भटकल को एक अंडरकवर ऑपरेशन के बाद नेपाल सीमा से 28 अगस्त 2013 को गिरफ्तार किया गया। मुकदमा चला। उसे फांसी की सजा सुनाई गई।

महत्वपूर्ण घटनाचक्र

1645: अलेक्सेई रोमानोव अपने पिता माइकल की जगह रूस के शासक बने।

1803: राजा राम मोहन राय और एलेग्जेंडर डफ ने पांच छात्रों के साथ स्कॉटिश चर्च कॉलेज शुरू किया।

1882: रूस में ट्रेन के पटरी से उतर जाने के कारण 200 लोगों की मौत।

1905ः कलकत्ता (अब कोलकाता) के साप्ताहिक समाचार पत्र संजीवनी ने ब्रिटिश सामानों के बहिष्कार का सर्वप्रथम सुझाव दिया।

1923: कैलिफोर्निया के शहर लॉस एंजिलिस में माउंट हिल्स के पास जमीन की कीमत बढ़ाने के लिए प्रचार के मकसद से ‘हॉलीवुड’ लिखा गया।

1929ः क्रांतिकारी जतिंद्रनाथ ने ऐतिहासिक भूख हड़ताल शुरू की।

1977ः भारत की जनता पार्टी सरकार ने भारत रत्न सहित अन्य नागरिक सम्मान देना बंद किया।

1998ः भारत के लिएंडर पेस ने हॉल ऑफ फेम टेनिस चैंपियनशिप में अपने जीवन का प्रथम एटीपी खिताब जीता।

2000ः फिजी में महेन्द्र चौधरी समेत 18 बंधक रिहा।

2001ः वर्ष 2008 के ओलम्पिक खेलों की मेजबानी चीन (बीजिंग) को सौंपी गई।

2004: रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने साइबेरिया और देश के सुदूर पूर्ववर्ती इलाकों के विकास के लिए भारत से और मजबूत संबंधों की इच्छा जताई।

2006ः परमाणु बम निर्माण संबंधी ईरान मसला संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के हवाले।

2011: देश की आर्थिक राजधानी मुंबई तिहरे बम धमाकों से दहली।

जन्म

1931ः हिन्दी फिल्मों की प्रसिद्ध अभिनेत्री बीना राय।

1933ः असम और मेघालय के पूर्व राज्यपाल भीष्म नारायण सिंह।

1947ः विश्व प्रसिद्ध भारतीय समकालीन नर्तक और कोरियोग्राफर अस्ताद देबू।

निधन

1995ः उपन्यासकार आशापूर्णा देवी।

2021ः प्रसिद्ध भारतीय क्रिकेटर यशपाल शर्मा। उन्हें 1983 में पहली बार क्रिकेट विश्वकप विजेता भारतीय टीम के सदस्य होने का गौरव हासिल है।

—————

(Udaipur Kiran) / मुकुंद

Most Popular

To Top