
जैसलमेर, 11 जुलाई (Udaipur Kiran) । जैसलमेर के बासनपीर गांव में ऐतिहासिक छतरियों के पुनर्निर्माण को लेकर चल रहा विवाद शुक्रवार को भी बना रहा। गुरुवार को हुई पथराव की घटना के बाद तनावपूर्ण माहौल के बीच भाजपा विधायक महंत प्रताप पुरी ने निर्माण स्थल पर रात बिताई और समर्थकों के साथ भजन-कीर्तन करते हुए रात्रि जागरण किया। शुक्रवार सुबह शिव विधायक रविंद्र सिंह भाटी भी मौके पर पहुंचे और निर्माण कार्य के समर्थन में प्रताप पुरी से मुलाकात की।
गुरुवार को दोनों पक्षों में पथराव हुआ, जिसमें महिलाएं और युवा शामिल थे। इस दौरान एक पुलिसकर्मी सहित चार लोग घायल हुए और कई वाहनों को नुकसान पहुंचा। पुलिस ने 15 से अधिक महिलाओं सहित दो दर्जन से अधिक लोगों को हिरासत में लिया है। विधायक प्रताप पुरी ने कहा कि जब तक छतरियों का निर्माण पूरा नहीं होता, वे वहीं डटे रहेंगे।
उल्लेखनीय है कि छतरियों के निर्माण को लेकर बीते करीब 6 साल से विवाद है। वर्ष 2019 में छतरी को तोड़ने का काम एक शिक्षक ने सफाई करवाने के दौरान किया था। जिसके बाद इस मामले में झुंझार धरोहर बचाओ संघर्ष समिति ने इस कृत्य के खिलाफ विरोध किया था। इस बीच झुंझार धरोहर बचाओ संघर्ष समिति, हिंदू समाज सहित आमजन ने जिलेभर में आंदोलन किया गया था। साल 2021 में कृष्ण जन्माष्टमी के मौके पर 2 पक्षों से बातचीत के बाद प्रशासन की मौजूदगी में काम शुरू हुआ था, लेकिन फिर 2 दिन बाद ही तनाव के माहौल के चलते प्रशासन के आग्रह पर काम रोका गया था।
—————
(Udaipur Kiran)
