
पटना, 11 जुलाई (Udaipur Kiran) । मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राज्य के 1.11 करोड़ लोगों के खाते में शुक्रवार को डीबीटी के माध्यम से 1100 रुपये की राशि सामाजिक सुरक्षा पेंशन के रुप में हस्तांतरित की। इस बाबत विभाग के मंत्री मदन सहनी ने बातचीत में कहा कि बढ़ी हुई राशि मिलने से लाभार्थियों में खुशी है और मुख्यमंत्री को आशीर्वाद दे रहे हैं। विपक्ष के लोग जो बिहार चुनाव से पहले हीरा, जवाहरत बांटने के लिए तैयार हैं उनको भी 15 साल शासन करने का मौका मिला था। 15 साल में गरबों को लूटने के सिवा और कुछ नहीं हुआ।
विभागीय मंत्री
मदन सहनी ने कहा 1995 में पेंशन योजना की शुरुआत हुई थी 2005 तक केवल 11 लाख लोग ही पेंशन का लाभ ले रहे थे। वहीं 2005 से 2025 तक 20 साल में पेंशन लेने वालों की संख्या 1 करोड़ 11 लाख से अधिक हो गई है। यानी 20 साल में एक करोड़ संख्या बढ़ गई है। 2015 में 200 से 400 करने का काम मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने ही किया था। अब 400 से 1100 करने का काम मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने ही किया है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार तो लगातार काम कर रहे हैं। बिहार की जनता मालिक 20 साल से उनके साथ है और आगे भी रहेगी।
मधुबनी जिले में सबसे ज्यादा लाभार्थी
मधुबनी जिले में सर्वाधिक 61 करोड़ 8 लाख 23,800 सामाजिक सुरक्षा पेंशन की राशि लाभार्थियों के खाते में भेजी गई। जिले में 5,53,848 लाभार्थी सामाजिक सुरक्षा पेंशन का लाभ उठा रहे हैं। पटना में 5.5 लाख लाभार्थियों के खाते में 60 करोड़ 61 लाख की राशि सामाजिक सुरक्षा पेंशन के रुप में भेजी गई।
पटना में वर्तमान में 22 करोड़ रुपये खर्च होता है लेकिन अब यह राशि लगभग तीन गुना बढ़ जाएगी। सबसे कम शेखपुरा जिले में 71,971 पेंशनधारियों के खाते में 7 करोड़ 95 लाख 63,000 की राशि भेजी गई। ऐसे में हर साल 14,600 करोड़ से अधिक की राशि सरकार को खर्च करनी पड़ेगी। बिहार सरकार पर 9,200 करोड़ से अधिक का बोझ पड़ेगा।
—————
(Udaipur Kiran) / गोविंद चौधरी
