Assam

गोलाघाट में बाढ़ में डूबने से दो लोगों की मौत

बाढ़। फाइल फोटो

– धनसीरी नदी में आई बाढ़ से गोलाघाट जिले के पांच राजस्व सर्कल प्रभावित, 37 राहत शिविर संचालित

गोलाघाट (असम), 10 जुलाई (Udaipur Kiran) । गोलाघाट जिले के बोकाखात और सरूपथार सर्कल में बाढ़ में डूबने से दो लोगों की मृत्यु होने की सूचना मिली है। गुरुवार को दी गई आधिकारिक जानकारी के अनुसार नगालैंड में लगातार हो रही वर्षा के चलते धनसीरी नदी में जलस्तर बढ़ने से असम के गोलाघाट जिले के पांच राजस्व सर्कलों में बाढ़ की स्थिति उत्पन्न हो गई है। चार सर्कलों में स्थिति में सुधार हो रहा है और पानी घट रहा है, लेकिन काकोडुंगा नदी का जलस्तर बढ़ने से गोलाघाट राजस्व सर्कल के कुछ नए इलाके प्रभावित हुए हैं।

जिला प्रशासन ने अब तक कुल 37 राहत शिविर विभिन्न स्थानों पर संचालित किए हैं। मोरोंगी सर्कल में 24 गांव के लगभग पांच हजार लोग प्रभावित हुए हैं। यहां 12 राहत शिविर चालू हैं। तीन वितरण केंद्र सक्रिय हैं।

बोकाखात सर्कल में 12 गांव के 9167 लोग प्रभावित हुए हैं। यहां तीन राहत शिविर नुमलीगढ़ स्कूल, 5 नं. बोसापाथर, पूब कुरुआबाही एमईएस शामिल हैं। दो वितरण केंद्र कार्यरत हैं।

खुमटाई सर्कल में 16 गांव के 2516 लोग प्रभावित हैं। आठ राहत शिविर चालू हैं। पांच वितरण केंद्र सक्रिय हैं। गोलाघाट सर्कल में 24 गांव के 3357 लोग प्रभावित हुए हैं। यहां दस राहत शिविर संचालित हैं। एक वितरण केंद्र अबोरघाट क्लब घर में सक्रिय है।

सरूपथार सर्कल में 18 गांवों के 1708 लोग प्रभावित हैं। यहां चार राहत शिविर चल रहे हैं। एसडीआरएफ गोलाघाट और एनडीआरएफ जोरहाट (जो मोरोंगी में तैनात है) द्वारा निरंतर बचाव कार्य किया जा रहा है। प्रशासनिक अधिकारी, एलआरए और डीडीएमए की टीमें स्थल पर मौजूद हैं। स्वास्थ्य, पशुपालन, जल संसाधन, पीएचई और पीडब्ल्यूआरडी विभागों की टीमें भी राहत कार्यों में जुटी हुई हैं।

(Udaipur Kiran) / श्रीप्रकाश

Most Popular

To Top