HimachalPradesh

सराज आपदा प्रभावित क्षेत्र में निरंकारी सेवादार जवान दे रहें सेवाएं

निरंकारी सेवादार जवान राहत सामग्री ले जाते हुए।

मंडी, 10 जुलाई (Udaipur Kiran) । प्राकृतिक आपदा से सिराज घाटी में हुए जानमाल के नुकसान का भयावाह मंजर जिसने भी देखा या जाना वह सिहर उठा। आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति राहत – बचाव कार्य, संवेदनाओं और प्रार्थनाओं का सिलसिला कई स्रोतों से आरंभ हो गया। सरकार के साथ-साथ गैर सरकारी स्वैच्छिक संस्थाओं ने भी इस आपदा की घड़ी में मानवता का सहयोग करना अपना परम कर्तव्य समझा। इसी कड़ी में संत निरंकारी मिशन के सेवादार भी मानवता की सेवा के लिए आगे आए। जिला मंडी के डडौर यूनिट के सेवादार जवान घाटी में जिला प्रशासन के दिशा निर्देशों में लगातार सेवाएं दे रहे हैं। दुर्गम क्षेत्रों में राशन पहुंचाने, सफाई व्यवस्था, लंगर वितरण आदि कार्यों में प्रतिदिन सेवादार जवान सेवारत हैं ।

मंडी क्षेत्र के जोनल इंचार्ज आर. के. अभिलाषी ने जानकारी देते हुए बताया कि संत निरंकारी मिशन द्वारा पर्यावरण संरक्षण, सार्वजनिक स्थानों, जल स्रोतों की सफाई, रक्तदान शिवरों का आयोजन तथा प्राकृतिक आपदा के समय पीड़ित मानवता के लिए निस्वार्थ भाव से सेवाएं अर्पित की जाती हैं इसी क्रम में सिराज घाटी में सेवाएं दी जा रही हैं।

शिवलाल चौधरी मुखी ने बताया कि साध संगत डडौर द्वारा मंगलवार को आपदा प्रभावित जरूरतमंदों को राशन, कपड़े, कंबल और बर्तन वितरित करने की सेवा की जाएगी। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं से निवेदन किया है कि इस आपदा की घड़ी में अधिक से अधिक संख्या में मानवता की सेवा के लिए समर्पित भाव से आगे आएँ। उन्होंने सेवा कार्य जारी रखने के लिए प्रेरित किया। मंडी क्षेत्र के क्षेत्रीय संचालक ने जानकारी दी कि प्रतिदिन 25 – 25 सेवादार जवानों की टुकड़ी सेवारत रहती है तथा दो दिन के बाद 25 अन्य सेवादार आकर सेवा कार्य को जारी रखते हैं अब तक प्राकृतिक आपदा के विभिन्न स्थानों पर सैकड़ों जवान सेवा कार्य कर चुके हैं। क्षेत्रीय संचालक भगत राम ने बताया कि परिस्थितियों के समान्य हो जाने तक सेवा कार्य जारी रहेगें।

—————

(Udaipur Kiran) / मुरारी शर्मा

Most Popular

To Top