Haryana

सिरसा: सरकार ने पार्षद किए मनोनीत, पुराने कार्यकर्ताओं को मिला तोहफा

सिरसा, 10 जुलाई (Udaipur Kiran) । हरियाणा सरकार ने गुरुवार को सिरसा नगर परिषद सहित डबवाली, ऐलनाबाद व रानियां में पार्षद मनोनीत किए हैं। सिरसा व डबवाली नगर परिषद में तीन-तीन, जबकि ऐलनाबाद व रानियां में दो-दो पार्षद मनोनीत किए गए हैं। उल्लेखनीय है कि सभी मनोनीत पार्षद भाजपा के पुराने कार्यकर्ता हैं, जिन्हें यह तोहफा दिया गया है। सिरसा में मनोनीत पार्षदों में वरिष्ठ भाजपा नेता रोहताश जांगड़ा की पुत्रवधु अंजू जांगड़ा शामिल है, जो कि नगर परिषद के चुनाव में वार्ड नंबर नाै से चुनाव हार गई थी। इसके अलावा संदीप सिंह व सुरेश कुमार को शामिल किया गया है। सिरसा नगर परिषद में तीन मनोनीत पार्षदोंं के साथ ही अब नगर परिषद में पार्षदों की संख्या 35 हो गई है।

मंडी डबवाली में मनोनीत किए गए पार्षदों में विकास शर्मा, सुनील कुमार व कृष्ण कुमार शामिल हैं। रानियां में प्रह्लाद चंद व राजकुमार को नियुक्त किया गया है। इसके अलावा ऐलनाबाद में मनोज कुमार व नरेश कुमार को पार्षद मनोनीत किया गया है। यह सभी भाजपा के पुराने कार्यकर्ता हैं। सिरसा की अंजू जांगड़ा ने मार्च 2025 में निकाय चुनाव में पार्षद का चुनाव लड़ा था, जिसमें हार गईं थीं। संदीप कुमार और सुरेश कुमार ने कभी पार्षद का चुनाव नहीं लड़ा। इससे पहले भाजपा नेता रोहताश जांगड़ा ने सिरसा से विधानसभा चुनाव के लिए उम्मीदवार का आवेदन किया था, लेकिन भाजपा ने उनका नामांकन वापस ले लिया था। यह मनोनीत पार्षद चयनित पार्षदों की तरह एजेंडे और विकास कार्य करवा सकेंगे और परिषद की हाउस मीटिंग में शामिल होंगे। मगर वाइस चेयरमैन या किसी चयन में वोट या मत डालने या शामिल होने का अधिकार नहीं होगा। इस बार निकाय चुनाव सिरसा नगर परिषद में भाजपा और हलोपा ने मिलकर चुनाव लड़ा था। सभी पार्षद पद के उम्मीदवार भाजपा के सिंबल पर लड़ेे थे, जिसमें दस पार्षद गोपाल व गोबिंद कांडा समर्थक जीते थे।

—————

(Udaipur Kiran) / Dinesh Chand Sharma

Most Popular

To Top