
पानीपत, 9 जुलाई (Udaipur Kiran) । भारतीय जनता पार्टी ने बुधवार को जिला पानीपत के पदाधिकारियों की सूची जारी कर दी है। जिला अध्यक्ष दुष्यंत भट्ट ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली से विचार विमर्श के बाद जिले के नव नियुक्त पदाधिकारियों के नामों की घोषणा की है। दुष्यंत भट्ट ने नव नियुक्त पदाधिकारियों को शुभकामनाएं और हार्दिक बधाई दी।
पानीपत जिला अध्यक्ष ने अपनी टीम में 22 पदाधिकारी नियुक्त किए हैं, जिनमें 6 उपाध्यक्ष, 2 महामंत्री, 7 सचिव के अलावा अन्य पदाधिकारी शामिल हैं। विशेष आमंत्रित स्थाई सदस्यों में केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल, केबिनेट मंत्री कृष्ण लाल पंवार, केबिनेट मंत्री महिपाल ढांडा, विधायक प्रमोद विज, समालखा विधायक मनमोहन भड़ाना, प्रदेश महामंत्री डॉ अर्चना गुप्ता, पूर्व सांसद संजय भाटिया, मेयर कोमल सैनी, सहित 71 नेता शामिल हैं।
भाजपा जिला अध्यक्ष ने कहा कि सभी नवनियुक्त पदाधिकारी अनुशासन और समर्पण भाव से काम करते हुए संगठन को और अधिक मजबूत करें। उन्होंने कहा कि शीर्ष नेतृत्व के दिशा निर्देशानुसार जो संगठनात्मक कार्य पार्टी ने दिए हैं उन्हें पूरा करें। जिला के नवनियुक्त पदाधिकारियों ने भी अपनी नियुक्ति पर भाजपा के शीर्ष नेतृत्व, मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली समेत तमाम वरिष्ठ नेताओं का आभार जताया और कहा कि वे निष्ठा व समर्पण भाव से कार्य करते हुए पार्टी संगठन को और अधिक मजबूत करने का काम करेंगे।
(Udaipur Kiran) / अनिल वर्मा
