West Bengal

कुलतली में विवाहिता की रहस्यमयी मौत, पति पर अवैध संबंध और दहेज प्रताड़ना का आरोप

कुलतली  में विवाहिता का रहस्यमयी मौत

बारुईपुर, 09 जुलाई (Udaipur Kiran) । दक्षिण 24 परगना के कुलतली थाना क्षेत्र में एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से इलाके में हड़कंप मच गया। मृतका की पहचान वर्षीय मानोआरा मोल्ला (20) के रूप में हुई है। उसके ससुराल में उसका शव फंदे से लटका मिला। मायके वालों ने पति पर न सिर्फ दहेज प्रताड़ना बल्कि अवैध संबंध का भी आरोप लगाया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।

जानकारी के मुताबिक, मानोआरा बारुईपुर की रहने वाली थी जबकि ससुराल कुलतली में है। डेढ़ साल पहले उसकी मुलाकात फोन पर माजिदुल मंडल से हुई थी। कुछ ही महीनों में दोनों के बीच रिश्ता बन गया। लड़की की इच्छा देखते हुए मायके वालों ने शादी पर कोई आपत्ति नहीं जताई। शादी के कुछ समय बाद माजिदुल उसे अपने घर ले गया।

आरोप है कि ससुराल पहुंचते ही मानोआरा पर मानसिक और शारीरिक अत्याचार शुरू हो गया। शादी के वक्त मायके वालों ने दहेज के रूप में पैसे और सोने के गहने दिए थे, फिर भी उस पर लगातार और पैसे लाने का दबाव डाला जाता रहा। मायके वालों का कहना है कि माजिदुल का किसी अन्य महिला से अवैध संबंध था, और जब मानोआरा इसका विरोध करती, तो उसके साथ मारपीट की जाती। यहां तक कि कई बार उसे अपने मायके वालों से संपर्क करने तक नहीं दिया गया।

बुधवार को मानोआरा को मायके जाने की तैयारी थी, लेकिन उससे पहले सुबह ससुराल में उसका शव फंदे से लटका मिला। ससुराल वालों ने मायके पक्ष को फोन कर बताया कि मानोआरा ने आत्महत्या कर ली है। परिजनों का आरोप है कि यह आत्महत्या नहीं, बल्कि हत्या है। उनका कहना है कि मंगलवार शाम तक मानोआरा से बात हुई थी और वह बिल्कुल सामान्य थी।

बताया जा रहा है कि घटना के वक्त मानोआरा के पति माजिदुल और ससुर किसी अन्य राज्य में काम पर थे। घर में सास, देवर और ननद मौजूद थे। परिजनों का आरोप है कि इन लोगों ने ही मानोआरा की हत्या की है।

मायके पक्ष ने कुलतली थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की छानबीन शुरू कर दी है।

(Udaipur Kiran) / अनिता राय

Most Popular

To Top