
देहरादून, 08 जुलाई (Udaipur Kiran) । भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष और राज्य सभा सांसद महेंद्र भटृ ने बड़ी संख्या में निर्विरोध पंचायत प्रतिनिधियों के चुने जाने को स्वस्थ लोकतंत्र का संकेत बताया है। उन्होंने कहा कि सामान्य सीट पर आरक्षित व्यक्ति को तरजीह देकर प्रदेश की महान जनता ने देश में जातिवादी राजनीति करने वालों को करारा जवाब दिया है। वहीं आईपीएस, उच्च सैन्य अधिकारियों, टेक्नोक्रेट और सामाजिक क्षेत्र के सफल लोगों का ग्राम सेवा के लिए आगे आना उम्मीद की नई किरण लेकर आया है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भटृ ने एक जारी बयान में कहा कि त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में जिस तरह के नामांकन सामने आए हैं वह प्रदेश में मजबूत और परिपक्व लोकतंत्र को दर्शाता है। गांव की सेवा के लिए रिटायर्ड महिला आईजी, कर्नल, वरिष्ठ अधिकारी और समाज के विभिन्न क्षेत्रों में बदलाव का नेतृत्व करने वाले लोग बड़े पैमाने पर आगे आए हैं। ऐसे योग्य, प्रतिबद्ध, कर्मठ व्यक्तियों का समर्पण भाव से जनसेवा और विकास कार्यों में सहयोग के लिए स्वयं को पेश करना गांव के कायाकल्प के लिए शुभ संकेत है।
उन्होंने उन सभी ग्रामीण क्षेत्र के मतदाताओं का भी आभार व्यक्त किया, जिन्होंने लोकतांत्रिक प्रक्रिया का सर्वोच्च उदाहरण पेश करते हुए निर्विरोध अपने प्रतिनिधियों का चुनाव किया है। उन्होंने टिहरी के सजवाण कांडा गांव के लोगों को अपनी सामान्य सीट पर आरक्षित वर्ग के पूर्व सेवानिवृत्ति तहसीलदार गंभीर सिंह को निर्विरोध चुनने के लिए विशेष रूप से बधाई दी है। उन्होंने कहा कि ऐसा करके देवभूमिवासियों ने देश भर में जातीय उन्माद की राजनीति करने वालों को करारा जवाब दिया है।
(Udaipur Kiran) / राजेश कुमार
