
कानपुर, 08 जुलाई (Udaipur Kiran) । जनपद की साइबर क्राइम पुलिस ने एक करोड़ 80 लाख रुपए की साइबर ठगी करने वाले गिरोह के सरगना को महाराष्ट्र के नागपुर से गिरफ्तार किया है। पुलिस इस गैंग से जुड़े पांच सदस्यों को पहले ही पकड़ कर जेल भेज चुकी है। आरोपित शेयर मार्केट में मुनाफे का लालच देकर भोले-भाले लोगों को जाल में फंसा कर ठगी करते थे। यह जानकारी मंगलवार को डीसीपी क्राइम कासिम आबिदी ने दी।
डीसीपी ने बताया कि थाना कैंट स्थित नवसिल अपार्टमेंट में रहने वाले विनोद कुमार ने मई 2024 में साइबर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराते हुए बताया कि उन्हें अप्रैल और मई के महीने में अपोलो वीआईपी स्टडी ग्रुप के नाम से व्हाट्सएप ग्रुप का लिंक आया था। जिसमें वह लिंक के माध्यम से जुड़ गए थे। उस ग्रुप में पहले से कई मेंबर भी थे। इस ग्रुप में शेयर बाजार में कम इन्वेस्टमेंट में अधिक मुनाफा कमाने जैसे टिप्स दिए जाते थे।
कुछ दिनों बाद ग्रुप मेंबर्स को अपने फोन पर Appolo Lemma मोबाइल एप्लीकेशन डाउनलोड करने को कहा गया। एप्प इंस्टाल करते ही पीड़ित के बैंक खाते से धीरे-धीरे रुपए काटने लगे। जब उन्होंने इस विषय पर व्हाट्सएप पर जानकारी लेनी चाही। तो उन्हें बताया गया कि उनके पैसे शेयर बाजार में इन्वेस्ट किये जा रहे हैं। आने वाले समय में उन्हें रिटर्न के रूप में बड़ा मुनाफा होगा। ऐसा करते-करते डेढ़ से दो महीने में पीड़ित एक करोड़ 80 लाख रुपए गंवा चुके थे। जब उन्हें एहसास हुआ कि वह ठगी का शिकार हो चुके हैं। ऐसे में उन्होंने मामले की रिपोर्ट साइबर थाने में दर्ज कराई।
पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए इस गिरोह से जुड़े पांच सदस्यों को महाराष्ट्र से गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है, लेकिन सरगना अभी भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर था। जिसे पकड़ने के लिए पुलिस लगातार सर्विलांस की सहायता से उन बैंक खातों को भी ट्रेस कर रही थी। जिनमें रुपए ट्रांसफर करवाए गए थे। आखिरकार पुलिस रविवार को गिरोह के सरगना राकेश गुप्ता को महाराष्ट्र के नागपुर जिले से गिरफ्तार कर ट्रांजिट रिमांड पर कानपुर ले आई।
पुलिस को आरोपित के पास से ठगी में इस्तेमाल किए जाने वाला मोबाइल फोन और अन्य खातों में ट्रांसफर कराई गई 30 लाख रुपए की रकम को फ्रीज कर पीड़ित को वापस लौटा दी गई है। बाकी रुपए की रिकवरी के लिए पुलिस टीम प्रयास कर रही है। शातिर को 14 दिनों की न्यायिक जेल भेज दिया गया है।
(Udaipur Kiran) / रोहित कश्यप
