

केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने किया विज्ञान केंद्र का उद्घाटन
धौलपुर, 8 जुलाई (Udaipur Kiran) । केन्द्रीय विज्ञान और प्रौद्योगिकी एवं अंतरिक्ष विभाग के राज्य मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह मंगलवार को अपने एक दिवसीय दौरे पर धौलपुर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने सूचना एवं जनसंपर्क कार्यालय परिसर में स्थित सूचना केंद्र में राष्ट्रीय प्रतिरक्षा विज्ञान संस्थान के सहयोग से स्थापित धौलपुर विज्ञान केंद्र का उद्घाटन किया। उद्घाटन के पश्चात केंद्रीय मंत्री ने विज्ञान केंद्र का अवलोकन किया तथा वहाँ उपस्थित विद्यार्थियों से संवाद किया। उन्होंने बच्चों द्वारा प्रस्तुत विभिन्न विज्ञान प्रयोगों को न केवल सराहा, बल्कि विज्ञान के सिद्धांतों को सरल भाषा में समझने और उन्हें दैनिक जीवन से जोड़ने की प्रेरणा दी।
उन्होंने कहा कि यह केंद्र विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने और प्रयोगात्मक शिक्षा को बढ़ावा देने में एक मील का पत्थर साबित होगा। उन्होंने कलेक्ट्रेट परिसर स्थित पार्क में एक पेड़ माँ के नाम अभियान के अंतर्गत पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण की दिशा में भी जागरूकता का संदेश दिया। बाद में टाउन हॉल में आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि यह नवाचार और विज्ञान का युग है। भारत सरकार द्वारा आकांक्षी जिलों में विज्ञान केंद्रों की स्थापना उसी सोच का विस्तार है। जिससे देश के दूरस्थ और पिछड़े क्षेत्रों में भी वैज्ञानिक चेतना का विस्तार हो सके।
उन्होंने कहा कि भारत अब वैज्ञानिक नवाचारों में अग्रणी भूमिका निभा रहा है। चाहे वह चंद्रयान-3 मिशन के तहत चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर पहुंचने की बात हो, या ग्रामीण नवाचारों की, भारत ने वैश्विक मंच पर विज्ञान के क्षेत्र में अपनी दृढ़ उपस्थिति दर्ज कराई है। इस दौरान विद्यार्थियों ने केंद्रीय मंत्री से संवाद करते हुए विज्ञान केन्द्र को अपने लिए अत्यंत लाभकारी बताया। और कहा कि अब विज्ञान केवल किताबों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि वे उसे स्वयं प्रयोग कर सीख सकेंगे। इस दौरान जिला प्रभारी मंत्री जवाहर सिंह बेढ़म ने कहा कि यह विज्ञान केंद्र हमारे युवाओं को तकनीकी और डिजिटल युग के साथ तालमेल बिठाने में सहायक सिद्ध होगा। कार्यक्रम में राष्ट्रीय प्रतिरक्षा संस्थान के निदेशक डॉ. देवाशीष मोहंती, जैव प्रौद्योगिकी विभाग के सचिव डॉ. राजेश एच गोखले तथा राष्ट्रीय विज्ञान केंद्र नई दिल्ली के निदेशक डॉ. विजय शंकर शर्मा ने विज्ञान और जैव प्रौद्योगिकी क्षेत्र में हो रहे नए प्रयोगों और उपलब्धियों की जानकारी दी। अंत में जिला कलक्टर श्रीनिधि बी टी ने सभी गणमान्य अतिथियों और वैज्ञानिकों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह विज्ञान केंद्र धौलपुर के लिए केवल एक संरचना नहीं, बल्कि वैज्ञानिक चेतना की उड़ान का रनवे है। उन्होंने यह भी कहा कि अब धौलपुर की पहचान सिर्फ बागियों या बीहड़ों तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि यह जिला प्राकृतिक पर्यटन, वैज्ञानिक सोच और सतत विकास की नई इबारत लिखेगा।
इस अवसर पर जिला पुलिस अधीक्षक सुमित मेहरड़ा, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी ए एन सोमनाथ, अतिरिक्त जिला कलक्टर हरिराम मीणा, भाजपा जिलाध्यक्ष राजवीर सिंह राजावत, भाजपा नेत्री नीरजा शर्मा,भाजपा नेता डॉ. शिवचरण कुशवाह, पूर्व विधायक सुखराम कोली एवं गिर्राज सिंह मलिंगा तथा करौली-धौलपुर सीट से भाजपा प्रत्याशी रहीं इंदु जाटव सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि, बड़ी संख्या में शिक्षक, विद्यार्थी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
—————
(Udaipur Kiran) / प्रदीप
